Pune Crime: अगले जनम मोहे बिटिया न कीजो... घर पर गर्भपात के बाद महिला की मौत, भ्रूण को खेत में दफनाया
महाराष्ट्र के पुणे में एक 24 वर्षीय महिला की घर पर गर्भपात कराने के बाद मौत हो गई। महिला तीसरी बार गर्भवती हुई थी। उसके परिवार के सदस्यों को जब पता चला कि भ्रूण लड़की का है तो उन्होंने घर पर एक डॉक्टर को बुलाया और महिला का गर्भपात करवा दिया। पुलिस ने महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
एजेंसी, पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले में मंगलवार को अपने घर पर गर्भपात कराने की प्रक्रिया के दौरान 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। ठाणे पुलिस अधिकारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले में तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला है कि चार महीने के भ्रूण को परिवार ने खेत में दफनाया दिया था। पुलिस ने कहा कि गर्भपात करने के लिए बुलाए गए एक निजी डॉक्टर की भी जांच की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि वह चार महीने की गर्भवती थी।
घर पर ही गर्भपात
मृतक महिला ने 2017 में आरोपी से शादी की थी और उसके दो बच्चे (एक लड़का और एक लड़की) हैं। तीसरी बार गर्भवती होने पर जब परिवार को पता चला की भ्रूण लड़की का है, तो उन्होंने घर पर ही गर्भपात की कोशिश की।
एफआईआर दर्ज
इंदापुर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को महिला की हालत बहुत ज़्यादा रक्तस्राव के कारण बिगड़ गई थी। अगले दिन (सोमवार को) उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक महिला के भाई की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई।
सास पर भी मामला दर्ज
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है और सास पर भी मामला दर्ज किया गया है। खेत से भ्रूण को निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने पुणे ग्रामीण पुलिस के इंदापुर पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 91, 90 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: Pune News: शरीर पर नहीं था कोई कपड़ा, पुलिस को नदी के पास मिला पीड़िता का शव; भाई-भाभी ने इस वजह से की हत्या