गोपाल सिंह को मिला सीएमपीएफओ आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार, कोयला मंत्रालय ने सौंपी जिम्मेदारी
कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव गोपाल सिंह को कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) के आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

धनबाद स्थित सीएमपीएफओ मुख्यालय। (फाइल फोटो)
HighLights
गोपाल सिंह को सीएमपीएफओ आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार।
कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव हैं गोपाल सिंह।
प्रभार 17 अगस्त 2026 से प्रभावी, नियमित नियुक्ति तक।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कोयला मंत्रालय ने कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ), के आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव गोपल सिंह को सौंपा है। मंत्रालय की ओर से 17 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, कोयला मंत्री के अनुमोदन के बाद सिंह को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
यह प्रभार 17 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा। नियमित नियुक्ति होने तक अथवा अगले आदेश तक गोपल सिंह सीएमपीएफओ के आयुक्त पद का दायित्व संभालेंगे।
भारत सरकार के अवर सचिव संजीव रंजन की ओर से जारी ज्ञापन में अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने की जानकारी दी गई है। इसकी प्रतिलिपि कोयला मंत्री, कोयला राज्य मंत्री, कोल इंडिया तथा उसकी सहायक कंपनियों के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशकों सहित मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।
कोयला क्षेत्र के कर्मचारियों की भविष्य निधि और पेंशन का संचालन
कोयला खान भविष्य निधि संगठन देशभर के कोयला क्षेत्र के कर्मचारियों की भविष्य निधि और पेंशन से जुड़ी योजनाओं का संचालन करता है। आयुक्त के पद पर अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद गोपल सिंह नियमित नियुक्ति होने तक संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
