क्यों मनाया जाता है चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस, जानें CA Day से जुड़ा रोचक इतिहास
भारत में हर साल 01 जुलाई को सीए दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन देश में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की स्थापना हुई थी। ...और पढ़ें

HighLights
01 जुलाई को मनाया जाता है सीए डे।
इसी दिन ICAI की स्थापना हुई थी।
करियर डेस्क, नई दिल्ली। भारत में प्रत्येक 01 जुलाई को चार्टर्ड अकाउंटेंट CA दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन यानी 01 जुलाई, 1949 में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ICAI की स्थापना की गई थी। आईसीएआई की स्थापना के उपलक्ष्य में हर साल CA Day के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है। यह दिन देश के तमाम चार्टर्ड अकाउंटेंट को समर्पित होता है, जो देश की वित्तीय प्रणाली को सुचारू ढंग से चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सीए दिवस के उपलक्ष्य पर आज हम इस लेख के माध्यम से जानेंगे कि आखिर 01 जुलाई को सीए दिवस के रूप में क्यों मनाया जाता है और इस दिन से जुड़ा रोचक इतिहास क्या है।
क्यों मनाया जाता है सीए दिवस
भारत में हर साल 01 जुलाई को 'सीए दिवस' इसलिए मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन साल 1949 में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अधिनियम लागू हुआ था। 01 जुलाई, 1949 को भारत में ICAI की स्थापना की गई थी। बता दें, आईसीएआई ब्रिटेन के बाद दुनिया का दूसरा अकाउंटेंट प्रतिष्ठित संस्थान है।
सीए का रोचक इतिहास
भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए का इतिहास साल 1949 से नहीं, बल्कि ब्रिटिश काल से माना जाता है। बात साल 1913 की है, जब ब्रिटिश सरकार ने कंपनी अधिनियम लागू किया था। इस नियम के तहत सभी रजिस्टर्ड कंपनियों को लेखा-पुस्तकों का रखरखाव और उनका ऑडिट करवाना अनिवार्य हो गया था। इस नियम के कारण देश में प्रतिष्ठित एवं योग्य प्रशिक्षित लेखा पेशेवरों की आवश्यकता महसूस हुई। इसके बाद साल 1918 बॉम्बे में सरकारी डिप्लोमा इन अकाउंटेंसी पाठ्यक्रम शुरू हुआ। इसके बाद साल 1930 में भारत सरकार ने अकाउंटेंट को आधिकारिक तौर पर पंजीकृत करना शुरू किया।
कौन होते हैं चार्टर्ड अकाउंटेंट
चार्टर्ड अकाउंटेंट वित्तीय पेशेवर होते हैं। सीए का मुख्य कार्य कंपनी के लिए अकाउंटिंग, ऑडिटिंग और टैक्सेशन करना है। एक सीए का मुख्य कार्य यह देखना है कि कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड कानून रूप से सही है या नहीं। इसके साथ सीए कंपनी के लिए बेहतर वित्तीय योजना, निवेश योजना और बेहतर वित्तीय निर्णय लेने में भी मदद करते हैं।
खबरें और भी
सीए बनने के लिए कौन-सी पढ़ाई जरूरी
सीए बनने के लिए अभ्यर्थी कक्षा 12वीं के बाद ही इसकी तैयारी शुरू कर देते हैं। सीए बनने का पहला चरण फाउंडेशन एग्जाम होता है। इस परीक्षा को पास करने के बाद CA इंटरमीडिएट की परीक्षा होती है। सीए इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप को पास करने के बाद आर्टिकलशिप करना जरूरी होता है। आर्टिकलशिप की अवधि 2 साल होती है। आर्टिकलशिप पूरा करने के बाद अभ्यर्थी सीए फाइनल परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।