विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश के सागर में शराब दुकानों पर 400 लोगों की जांच, मिली लीवर संबंधी समस्याएं

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:30 AM (IST)

सागर जिले में सितंबर माह में जहरीली शराब पीने से 39 लोगों की मौत हो गई थी। मामला सामने आने के बाद शराब दुकानों के बाहर नियमित शराब पीने वालों की स्वास्थ्य जांच शुरू की गई। बुधवार तक 400 से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है।

मध्य प्रदेश के सागर में शराब दुकानों पर 400 लोगों की जांच

मध्य प्रदेश के सागर में शराब दुकानों पर 400 लोगों की जांच

HighLights

  1. आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने पर रिपोर्ट तैयार करने में हो रही परेशानी 

  2. 300 से अधिक शराबियों को किया गया चिह्नित, किया जाएगा जागरूक 

जेएनएन, सागर। इस सागर जिले में सितंबर माह में जहरीली शराब पीने से 39 लोगों की मौत हो गई थी। मामला सामने आने के बाद शराब दुकानों के बाहर नियमित शराब पीने वालों की स्वास्थ्य जांच शुरू की गई।

बुधवार तक 400 से अधिक लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें कई लोगों में लीवर संबंधी समस्याएं मिली हैं। हालांकि, जांच में व्यावहारिक दिक्कतें भी आ रही हैं।

ब्लड सैंपल की रिपोर्ट सीधे संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर पहुंच रही है, जिससे विभाग को रिपोर्ट की जानकारी नहीं मिल पा रही। वहीं, आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने पर कुछ लोगों के सैंपल की रिपोर्ट तैयार करने में भी परेशानी हो रही है।

ऐसे में वहां दुकानों के बाहर नियमित शराब पीने वालों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद अब प्रशासन की ओर से घर-घर टीमें भेजकर उन्हें दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिले में 300 से अधिक नियमित शराबियों को चिह्नित किया गया है।

आबकारी विभाग की टीम स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस, एनजीओ और आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं के सहयोग से इन लोगों के घर जाकर काउंसिलिंग करेगी।

अभियान में उन बस्तियों और समुदायों को भी शामिल किया गया है, जहां कच्ची शराब बनाने और पीने का चलन है। इनमें देवरी, बंडा, बीना, नरयावली सहित डेरा और कुचबंदिया, कबूतरा व बेड़िया समुदाय की बस्तियां शामिल हैं।

यहां लोगों और उनके स्वजन को शराब सेवन के नुकसान बताए जाएंगे। आशा-ऊषा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के ऐसे परिवारों तक विभागीय टीम को पहुंचाने में मदद करेंगी। कोट-शराब बनाने और पीने वाले समुदायों व बस्तियों को चिह्नित किया गया है।

वहां आबकारी अमला स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस और एनजीओ के साथ पहुंचकर लोगों को जागरूक करने के साथ उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराएगा।- वंदना पांडेय, जिला आबकारी अधिकारी, सागर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।