तेजस्वी की राह पर अखिलेश, कांग्रेस के साथ सीटों की खींचतान; क्या भाजपा को मिलेगा फायदा?
अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को सीट बंटवारे में हाशिए पर धकेल रही है, जैसा कि बिहार में राजद और बंगाल में तृणमूल ने किया था।

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को यूपी में दिखाई हैसियत (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अरविंद शर्मा, नई दिल्ली। बिहार में राजद और बंगाल में तृणमूल ने कांग्रेस को जिस तरह जमीनी हैसियत का अहसास कराया था, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी भी उसी राह पर चलती दिख रही है। बिहार में कांग्रेस की दावेदारी को दरकिनार कर तेजस्वी यादव ने अपने प्रत्याशी उतारने शुरू कर दिए थे। नतीजा हुआ कि मजबूत महागठबंधन की अवधारणा शिथिल पड़ गई और दर्जन भर सीटों पर आपस में ही तकरार होने लगी।
बंगाल में भी तृणमूल भी इसी पगडंडी पर बढ़ी और कांग्रेस को धकियाती रही। नतीजा सामने है। इसी दौरान अखिलेश यादव ने एकतरफा घोषणापत्र जारी कर अपनी मंशा भी जाहिर कर दी है।
बिहार का अनुभव आईना दिखाता है, जहां महागठबंधन में सीट बंटवारा अंतिम दौर तक उलझा रहा। राजद और कांग्रेस में सहमति नहीं बनने का असर केवल बातचीत तक सीमित नहीं रहा। गठबंधन के घटक दल 11 सीटों पर आपस में लड़े। जिन नेताओं को सहयोगी दलों के लिए वोट मांगना था वे उन्हें हराने में जुटे थे। इससे कार्यकर्ताओं और वोटरों में भ्रम पैदा हुआ और नतीजा हुआ कि नीतीश कुमार और भाजपा की संयुक्त शक्ति के आगे महागठबंधन ने घुटने टेक दिए।
2020 में 75 सीटें जीतने वाला राजद पांच साल बाद 25 पर सिमट गया और कांग्रेस 19 से घटकर छह पर आ गई। मन नहीं मिला तो नेतृत्व में बिखराव, चुनावी रणनीति में भटकाव के साथ सामाजिक समीकरण ध्वस्त हो गया। खींचतान ने विपक्ष की शक्ति को ऐसा बिखेरा कि अन्य कमजोरियां भी बेपर्द हो गईं।
बंगाल में भी ममता बनर्जी ने कांग्रेस के साथ ऐसा ही किया। तृणमूल एवं कांग्रेस लंबे समय से अलग-अलग लय में गाते-बजाते आ रहे थे। 2021 में कांग्रेस ने वाम दलों का सहारा लिया, फिर भी शून्य पर ही आउट होना पड़ा।
उत्तर प्रदेश में विपक्ष की पटकथा भी वैसी ही लिखी जा रही है। कांग्रेस ने पहले 181 सीटों की मांग रखी। जवाब में अखिलेश यादव ने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा। तर्क है कि जीत की संभावना के आधार पर ही सीटें मिलेंगी, जबकि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में छह सीटें जीतने और 17 सीटों पर चुनाव लड़ने को अपनी दावेदारी का आधार बना रही है। सपा ने प्रत्याशियों को उतारना भी शुरू कर दिया। इनमें सहारनपुर और बेहट जैसी सीटें भी हैं, जिनपर कांग्रेस की नजर है।
गुरुवार तक दोनों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। समझौते की गुंजाइश अभी खत्म नहीं हुई है, मगर बयानों की कड़वाहट और प्रत्याशियों की एकतरफा घोषणा से भरोसे पर खतरा दिख रहा है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सपा पर लाल पीले हो रहे हैं।
दरअसल अखिलेश की ओर से 26 से शुरू करने का अर्थ यही लगाया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को 45-50 के नीचे समेट दिया जाए और वह भी वहां जहां भाजपा मजबूत है।
गौरतलब है कि अब तक राहुल गांधी की ओर से यह जताने की कोशिश हो रही थी कि बिना कांग्रेस विपक्ष नहीं है। धुरी कांग्रेस है। लेकिन सच्चाई यह है कि आईएनडीआईए मे शामिल कोई भी क्षेत्रीय दल अपने राज्यों में कांग्रेस को हाशिए पर ही रखना चाहता है। ऐसे में सीटें बंट भी जाएं तो चुनावी कार्यक्रम में कितना तालमेल होगा यह संदेश के घेरे में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।