विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'असली संसद में कभी PM नहीं बन पाएंगे राहुल', अमित शाह ने रामलीला रैली को बताया घुसपैठिया बचाओ रैली

Published: Mon, 02 Nov 2026 10:30 PM (IST)Updated: Mon, 02 Nov 2026 10:56 PM (IST)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी के 13 करोड़ वोट काटे जाने के आरोपों को सरासर झूठ बताया। उन्होंने ...और पढ़ें

अमित शाह ने राहुल गांधी को लिया आड़ेहाथ।

अमित शाह ने राहुल गांधी को लिया आड़ेहाथ।

HighLights

  1. शाह ने 13 करोड़ वोट हटाने के आरोपों को नकारा।

  2. घुसपैठियों को कांग्रेस का वोटबैंक बताया, देश से निकालने का प्रण।

  3. राहुल गांधी को नकली संसद में PM बनने का ताना मारा।

नीलू रंजन, नई दिल्ली। चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची से हटे मानों पर पूरी जानकारी देने के बावजूद बार बार 13 करोड़ वोट काटे जाने के विपक्षी आरोपों पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तीखा हमला किया। उन्होंने एक तरह से घुसपैठियों का आंकड़ा भी दे दिया।

हैदराबाद में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने घुसपैठियों को कांग्रेस का वोटबैंक बताते हुए कहा कि राहुल गांधी जितना भी जोर लगा लें, भाजपा एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर निकालकर रहेगी। ऐसे तीन करोड़ लोग हैं।

शाह ने दिया 13 करोड़ वोट हटाने का जवाब

अमित शाह ने राहुल गांधी के 13 करोड़ वोट काटने के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यह सरासर झूठ है। सच्चाई यह है कि इन 13 करोड़ मतदाताओं में से करीब सवा छह करोड़ लोग ऐसे हैं, जो स्थायी रूप से दूसरी जगह रहने चले गए हैं। करीब 2.8 करोड़ लोगों की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा कि जिन लोगों की मृत्यु हो गई है, उसके नाम पर कौन वोट देगा। जाहिर है कांग्रेस फर्जी मतदान के जरिए चुनाव जीतना चाहती है।

अमित शाह ने बताया कि लगभग एक करोड़ वोट ऐसे हैं, जिनकी डुप्लीकेट एंट्री है। इसके बाद बचते हैं लगभग तीन करोड़ वोट, जो वास्तव में मौजूद ही नहीं हैं। उनके अनुसार इनमें बांग्लादेशी घुसपैठिए भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि असल में राहुल गांधी इन्हीं नामों को मतदाता सूची से हटाने का विरोध कर रहे हैं।

'रामलीला मैदान की रैली को बताया घुसपैठिया बचाओ रैली'

अमित शाह ने रामलीला मैदान में कांग्रेस व विपक्षी दलों की रैली को ‘वोट बचाओ रैली’ की जगह घुसपैठिया बचाओ रैली करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसकी पूरी कंपनी एसआइआर को रोकने में लगी है, क्योंकि घुसपैठिए उसका वोट बैंक हैं। जबकि भाजपा का कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ एसआइआर के समर्थन में खड़ा है और इस देश में केवल वही व्यक्ति मतदान कर सकता है, जो भारत का नागरिक है।

असली संसद में पीएम नहीं बन पाएंगे राहुल- शाह

मॉक पार्लियामेंट का आयोजन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के महाभियोग पास कराने को लेकर अमित शाह ने फिर से राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि असली संसद में राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे, इसीलिए उन्हें नकली संसद में बिना नेता प्रतिपक्ष बने एक बार प्रधानमंत्री बन जाना चाहिए, इससे सोनिया गांधी के हृदय को शांति मिल जाएगी।

राहुल गांधी के बार-बार विदेश जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह से वे चुनाव नहीं जीत सकते। इसके उन्हें देश में पसीना बहाना होगा, जनता के साथ एकजुट होकर रहना होगा और उनकी समस्याओं का समाधान करना होगा।

अमित शाह ने संसद का विशेष सत्र बुलाकर ईवीएम से लेकर एसआइआर, घुसपैठ तक के सभी मुद्दों पर चर्चा करने की राहुल गांधी को दी गई चुनौती दोहराई। लेकिन समस्या यह है कि कांग्रेस के नेता हाथ में संविधान तो रखते हैं, लेकिन उसका सम्मान नहीं करते। संविधान के दायित्वों का निर्वहन देश की संसद के माध्यम से होता है, लेकिन राहुल गांधी संसद को चलने ही नहीं देते।

अपने भाषण के अंत में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहाकि कांग्रेस सिर्फ अराजकता के सहारे ही खबरों में बने रहना चाहती है। अगर संसद में चर्चा हुई, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कांग्रेस के आरोपों का जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर जनता का जनादेश और हारने पर ईवीएम को दोष देना कांग्रेस की राजनीति बन गई है। लेकिन देश की जनता कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह नकार चुकी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।