'मैं बुरी तरह कांप रही हूं...', बेंगलुरु मेट्रो में युवती ने वीडियो बना रहे शख्स को पकड़ा; FIR दर्ज
बेंगलुरु मेट्रो में एक युवती ने खुद का वीडियो बनाते हुए एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा, जिससे वह बुरी तरह डर गई।
HighLights
बेंगलुरु मेट्रो में युवती को रिकॉर्ड करते पकड़ा गया युवक।
युवती ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर किया साझा।
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु मेट्रो में सफर के दौरान एक लड़की के साथ कुछ ऐसा हुआ कि वो बुरी तरह डर गई। लड़की ने एक युवक को उसका वीडियो बनाते देखा और रंगे हाथों पकड़ा।
लड़की ने युवक से उसके फोन में रिकॉर्ड हुए वीडियो को दिखाने के लिए कहा, लेकिन युवक ने वीडियो नहीं दिखाया। लड़की ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।
'मैं बुरी तरह कांप रही हूं'
इंस्टाग्राम पर 'sowpika' नाम की प्रोफाइल से एक वीडियो शेयर किया गया। इसमें लड़की ने घटना के तुरंत बाद का वीडियो शेयर किया। उस वीडियो में लड़की ने कहा, 'मैं अभी बुरी तरह कांप रही हूं। मैंने मेट्रो में एक आदमी को मुझे रिकॉर्ड करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।'
लड़की ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में एक मेट्रो ट्रेन में हुई। वीडियो में वह काफी परेशान दिख रही है और आरोप लगा रही है कि साथ सफर कर रहे एक यात्री ने चुपके से उसे रिकॉर्ड किया था।
वीडियो में लड़की कहती है, 'मेरा शरीर कहीं से भी खुला नहीं था, इसलिए इस बात से मेरे कपड़ों का कोई लेना-देना नहीं है।'
वीडियो में महिला उस आदमी से सवाल करती दिख रही है, और वह बार-बार पूछ रही है, 'आप मुझे रिकॉर्ड क्यों कर रहे थे?' इस बहस के दौरान वीडियो में मेट्रो सुरक्षाकर्मी भी नजर आते हैं।
महिला वीडियो में बताती है, 'मैंने उसका फोन पकड़ लिया था, लेकिन वह मेट्रो से उतरकर भाग गया। मैंने उसका फोन सुरक्षाकर्मियों को दे दिया था, लेकिन उसने उसे छीन लिया और भाग गया। बेंगलुरु के लोगों, कृपया इस आदमी को ढूंढें, उसकी कंपनी और उसके परिवार का पता लगाएं।'
हालांकि लड़की ने आज बुधवार को एक नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें उसने बताया है कि उसने पुराना वीडियो अर्काइव किया है, क्योंकि उसका मकसद केवल उस लड़के का पता लगाना था, और वह उस दिन काफी डर गई थी, इसलिए वीडियो शेयर करके जानकारी साझा की।
मामले में FIR दर्ज
वीडियो के ऑनलाइन वायरल होने के बाद, बेंगलुरु सिटी पुलिस ने कमेंट सेक्शन के जरिए महिला से संपर्क किया। पुलिस ने लिखा, 'कृपया घटना की सही जगह बताएं और अपना संपर्क नंबर DM (डायरेक्ट मैसेज) करें।'
बाद में पुलिस ने एक अपडेट देते हुए कहा, 'इस घटना के संबंध में FIR दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है।'
लड़की ने इसके बाद एक और वीडियो में बताया, 'एक अपडेट है, मैं अभी कडुगोडी पुलिस स्टेशन से बाहर आई हूं। वहां के अधिकारियों ने बहुत मदद की और FIR दर्ज कर ली। उन्होंने मुझे भरोसा दिलाया है कि जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तुरंत केस अपने हाथ में लिया और FIR दर्ज कर ली।'
