Move to Jagran APP

तमिलनाडु में हुआ दाल खरीद घोटाला? भाजपा ने राज्य सरकार पर 100 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का लगाया आरोप

तमिलनाडु भाजपा के प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने राज्य सरकार पर दीपावली त्यौहार के लिए दाल खरीद में 100 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेता ने कहा कि राज्य के नागरिक आपूर्ति मंत्री आर सक्करपानी के पर्याप्त आपूर्ति के आश्वासन के बावजूद राशन दुकानों में दालों और पाम तेल की भारी कमी है दाल आपूर्ति में देरी के कारण लोग निराश हैं।

By Agency Edited By: Jeet Kumar Updated: Fri, 18 Oct 2024 05:45 AM (IST)
Hero Image
भाजपा ने तमिलनाडु सरकार पर 100 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का लगाया आरोप

आइएएनएस, चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने राज्य सरकार पर दीपावली त्यौहार के लिए दाल खरीद में 100 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि वह इसकी जांच कराएं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें।

तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम आमंत्रित कीं निविदाएं

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु नागरिक आपूर्ति निगम ने 10 सितंबर 2024 को निविदाएं आमंत्रित कीं, लेकिन पांच कंपनियों को इसी दौरान 131 रुपये प्रति किलोग्राम पर ठेका दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप कम से कम 100 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें

भाजपा नेता ने कहा कि राज्य के नागरिक आपूर्ति मंत्री आर सक्करपानी के पर्याप्त आपूर्ति के आश्वासन के बावजूद राशन दुकानों में दालों और पाम तेल की भारी कमी है, दाल आपूर्ति में देरी के कारण लोग निराश हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वह इसकी जांच कराएं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें।

एडीएम की मौत मामले में कन्नूर की जिला पंचायत अध्यक्ष पर गिरी गाज

केरल में कन्नूर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) नवीन बाबू की मौत मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष और माकपा नेता पीपी दिव्या पर गाज गिरी है। दिव्या के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गुरुवार को मामला दर्ज किया गया, वहीं आरोप लगने के बाद माकपा ने दिव्या को जिला पंचायत अध्यक्ष पद से गुरुवार को हटा दिया। पंचायत अध्यक्ष दिव्या ने उन पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप लगाए थे।

सरकारी आवास पर फांसी के फंदे से लटकते मिले थे

बता दें कि सोमवार को सहकर्मियों की ओर से नवीन बाबू के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। इसमें बिना आधिकारिक निमंत्रण के पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष दिव्या ने उन पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप लगाए थे। नवीन बाबू को अपने गृह जिले पथनमथिट्टा के एडीएम का पदभार ग्रहण करने के लिए मंगलवार को वहां पहुंचना था, लेकिन वह अपने सरकारी आवास पर फांसी के फंदे से लटकते मिले थे।

बेटियों ने मुखाग्नि दी

कन्नूर टाउन थाने में दिव्या पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इधर, पथनमथिट्टा जिला कलेक्ट्रेट में मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों समेत सैकड़ों लोगों ने नवीन बाबू को श्रद्धांजलि दी। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। शाम चार बजे अंतिम संस्कार किया गया। उनकी बेटियों ने मुखाग्नि दी।