BJP की नई टीम में मातृशक्ति का बोलबाला, 13 में 6 महिलाओं को बनाया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष; स्मृति ईरानी पर क्यों खेला दांव?
भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है, जिसमें क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और महिलाओं को प्रमुखता दी गई है।

BJP की नई टीम में मातृशक्ति का बोलबाला।
HighLights
भाजपा ने 2027 चुनावों के लिए नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की।
स्मृति ईरानी राष्ट्रीय महामंत्री, वसुंधरा राजे उपाध्यक्ष बनी रहेंगी।
नई टीम में 12 महिलाओं को महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 2027 में कई राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) की नई टीम का एलान कर दिया है। इसमें क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर खास जोर दिया गया है, साथ ही महिलाओं को प्रमुखता दी गई है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पार्टी के मुख्य संगठनात्मक ढांचे में वापसी हुई है, उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनी रहेंगी।
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से 6 महिलाएं
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से 6 महिलाएं हैं, जो पार्टी के अहम पदों पर महिलाओं की ज्यादा भागीदारी को बढ़ाना देने का संकेत मिलता है। इसके अलावा, चार महिला सचिव और एक महिला महासचिव भी हैं।
भाजपा नई टीम में कितनी महिलाएं?
भाजपा की नई टीम में कुल 12 महिलाओं को जगह मिली है। जिनमें से 6 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, एक महामंत्री, तीन राष्ट्रीय मंत्री, एक मोर्चा अध्यक्ष और एक को सोशल मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- वसुंधरा राजे सिंधिया
- डी. पुरंदेश्वरी
- श्रीमती रेखा वर्मा
- वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी
- डॉ. भारती प्रवीण पवार
- डॉ. मधुचंद्र कर
- स्मृति ईरानी
- कविता पाटीदार
- फांग्नोन कोन्यक
- संगीता यादव
- रूप कुमारी चौधरी
- प्रीति गांधी
स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी
2027 के उत्तर प्रदेश के चुनाव से पहले स्मृति ईरानी की संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में वापसी काफी अहम मानी जा रही है। 2003 में भाजपा की सदस्यता से लेकर 2019 में राहुल गांधी को अमेठी से हराने तक स्मृति का राजनीतिक सफर काफी शानदार रहा है। हालांकि, 2024 को लोकसभा चुनाव में उन्हें अमेठी से हार का सामना करना पड़ा।

लेकिन अब राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में उनकी संगठन में वापसी हुई है। इस नियुक्ति की पहली परीक्षा उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव होगी। 2019 में स्मृति ईरानी ने अमेठी में जीत हासिल कर भाजपा के सबसे लोकप्रिय नेताओं में अपनी जगह बनाई थी। अमेठी में 2014 से ही स्मृति चुनाव लड़ रही हैं, लेकिन जीत उन्हें 2019 में मिली।
अब एक बार फिर यूपी में स्मृति के कंधों के ऊपर अहम जिम्मेदारी रहेगी। महिला वोटर को भाजपा के खेमे जोड़े रखने में उनकी भूमिका अहम हो सकती है। छोटे पर्दे के जरिए लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली देश की चहेती बहू 'तुलसी' अब यूपी में महिलाओं को जोड़ने के लिए काम कर सकती हैं। 2027 के चुनाव में स्मृति महिलाओं के साधने अहम भूमिका निभा सकती हैं।
