विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़: कोरबा में तालाब में डूबने से 3 बच्चियों की मौत, घंटों की मशक्कत के बाद निकाले गए शव

Published: Fri, 18 Sep 2026 12:24 PM (IST)

कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में अलगू तालाब में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

तीन मासूम बच्चियों की डूबने से हुई मौत।

तीन मासूम बच्चियों की डूबने से हुई मौत।

HighLights

  1. कोरबा के पाली में अलगू तालाब में हादसा।

  2. तीन मासूम बच्चियों की डूबने से हुई मौत।

  3. पूरे गांव में शोक की लहर, पुलिस जांच में जुटी।

डिजिटल डेस्क, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अलगू तालाब में तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। तीनों बच्चियां अलगू तालाब में नहाने गई थी उसी दौरान डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गाँव में मातम पसरा है।

एक ही बस्ती की थीं तीनों मासूम

हादसे में मृतक बच्चियों की पहचान 7 साल की इंदु अगरिया, 8 साल की राखी और 8 साल की साधना के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक तीनों लड़कियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थी। मामले के बारे में पता चला कि गुरुवार को तीनों स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। दोपहर के समय तीनों नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब में चली गईं। उस दौरान तालाब में कोई भी मौजूद नहीं था।

बच्चियों के नहीं लौटने पर अनहोनी की आशंका

जब काफी देर तक तीनों बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार वाले गांव वालों के साथ उन्हें खोजते हुए तालाब की ओर पहुंचे। तालाब के किनारे तीनों बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसकी पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

काफी मशक्कत के बाद शव निकाले बाहर

घटना की सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। और ग्रामीणों की मदद से अन्य दो बच्चियों की तलाश शुरू की गई। कई घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद राखी और साधना का शव भी बरामद किया गया। एक साथ तीनों बच्चियों के मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर तीनों बच्चियों के शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में डूबने से मौत की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ गृहमंत्री का बड़ा खुलासा: झीरम नरसंहार के 14 आरोपी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, जी रहे हैं पुनर्वासित जीवन