विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुवाहाटी होटल शूटआउट का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, मालिक समेत 5 लोगों की गोली मारकर की थी हत्या

Published: Wed, 04 Nov 2026 09:20 AM (IST)

गुवाहाटी के 'होटल बिलास इन' गोलीकांड के मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई को बुधवार तड़के शिवसागर में पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया।

गुवाहाटी होटल हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर (फोटो-एएनआइ)

गुवाहाटी होटल हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर (फोटो-एएनआइ)

HighLights

  1. गुवाहाटी होटल गोलीकांड का मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई मारा गया।

  2. शिवसागर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान भागने का प्रयास किया।

  3. पांच लोगों की हत्या का आरोपी था गोगोई।

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। गुवाहाटी के 'होटल बिलास इन' में 26 अक्टूबर को हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।

असम के शिवसागर जिले में यह मुठभेड़ बुधवार सुबह करीब 3:10 बजे गौरीसागर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रोंगमन ढाबा के पास फुलपानीचिगा में हुई।

पुलिस मुठभेड़ में ढेर होटल हत्याकांड का आरोपी

शिवसागर पुलिस की एक टीम रात को एक लंबित मामले के सिलसिले में मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई को गुवाहाटी से वापस ला रही थी। पुलिस के मुताबिक, गोगोई ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और शौच के बहान से गाड़ी रुकवाकर हिरासत से भागने की कोशिश की।

शिवसागर की पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक लोन धोखाधड़ी से जुड़े एक लंबित मामले में गुवाहाटी की अदालत से प्रोडक्शन वारंट मिलने के बाद, पुलिस गोगोई को जिले में ला रही थी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, 'उसे यहां लाते समय उसने अचानक भागने की कोशिश की। हाथापाई के दौरान उसने एक अधिकारी की सर्विस रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया। इसी बीच, सर्विस रिवॉल्वर से तीन गोलियां चलीं, जिससे हमारा एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया।'

एसएसपी ने कहा, 'वह एक वांछित आरोपी था, इसलिए हमने एहतियाती कदम उठाए थे। हालांकि, उसके बर्ताव से अधिकारी की जान को खतरा पैदा हो गया था, खासकर इसलिए क्योंकि उसने पांच लोगों पर खुलेआम गोली चला दी थी।'

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि टीम के साथ मौजूद शिवसागर सदर पुलिस थाना प्रभारी के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) को गोगोई को भागने से रोकने के लिए अपनी सर्विस गन का इस्तेमाल करना पड़ा। 

मुठभेड़ में शिवसागर टाउन पुलिस के सब-इंस्पेक्टर देबाशीष शर्मा भी घायल हो गए, जिन्हें शिवसागर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पांच लोगों की गोली चलाकर की थी हत्या

गुवाहाटी के 'होटल बिलास इन' हत्याकांड में अभी तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी के प्रबंधन और नवीनीकरण के खर्च को लेकर गोगोई और होटल मालिक के परिवार के बीच हुए मतभेदों के कारण टकराव हुआ।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विवाद को सुलझाने के लिए 26 अक्टूबर को एक बैठक तय की गई थी। हालांकि, बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि गोलीबारी हो गई।

होटल में हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हुई। फायरिंग में मारे गए पांच लोगों की पहचान होटल मालकिन हेलेना भराली (58), उनके बड़े भाई भूदेव भराली (65), उनके बेटे देबर्षि कश्यप (39), बहू रिनिका कश्यप (30) और परिवार से जुड़े नारायण दास (48) के रूप में हुई है।

परिवार का ड्राइवर सत्येंद्र पाठक भी गोलीबारी में घायल हो गया, लेकिन वह बच गया। उसे इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, .32 बोर की जिस पिस्तौल से फायरिंग हुई, वो 16 अक्टूबर 2024 को दीमापुर के 'स्वस्ति गन हाउस' से खरीदी गई थी। इसके साथ 40 राउंड कारतूस भी लिए गए थे और इसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये थी।

यह भी पढ़ें- 'मॉक संसद में ही प्रधानमंत्री बनेंगे राहुल गांधी', सीएम हिमंत सरमा ने इंडी गठबंधन के महाभियोग प्रस्ताव पर कसा तंज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।