यूपी में पुल टूटकर नदी में गिरा, बिहार में गंगा उफान पर... एमपी-छत्तीसगढ़ समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट
देश के कई राज्यों, खासकर यूपी, बिहार और एमपी में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। यूपी में पुल बह ...और पढ़ें

देशभर में बारिश का कहर (फोटो- PTI)
HighLights
यूपी के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पुल बहा
बिहार में गंगा-गंडक नदियां उफान पर, कई गांव बाढ़ग्रस्त
एमपी समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से यूपी, उत्तराखंड, एमपी, बिहार समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश और उफान पर बहती नदियों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
यूपी के चित्रकुट में मंदाकिनी नदी के उफान से रामघाट का पुल बह गया और घरों में 5-5 फीट तक कीचड़ जमा हो गया, मंदाकिनी में आई बाढ़ का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए एमपी के सतना में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

(फोटो- PTI)
देशभर के मौसम का हाल
अगर बात करें अगले 24 घंटे के मौसम की तो ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड के कई जिलों में कम से मध्यम स्तर के अचानक बाढ़ के खतरे का अनुमान है। आगामी कुछ दिनों तक पूर्वी और मध्य भारत के साथ उत्तर भारत के कई हिस्सों होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
-1788147384149.webp)
(फोटो- ANI)
मौसम विभाग ने आज 18 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आज जिन जिलों में बारिश की संभावना है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल शामिल है।

(फोटो- ANI)
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पटना सहित ज्यादातर भागों में छिटपुट वर्षा के साथ कई स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। बिहार के छह जिलों के औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, रोहतास, गया एवं नवादा जिले में भारी व अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं नेपाल में आई बाढ़ के कारण बिहार के कोसी बैराज और गंडक बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। भागलपुर में गंगा में कटाव के चलते सबौर में 8 घर गंगा नदी में समा गए। वहीं, बगहा के डुमरिया घाट पर गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए बिहार के 15 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

(फोटो- PTI)
मौसम विभाग ने आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी के 58 जिलों में गरज चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी यूपी में 31 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 1 से 5 सितंबर के दौरान अधिकांश जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
अगर बात करें पश्चिमी यूपी की तो 31 अगस्त और 1 सितंबर को बिजली चमकने और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। इसके साथ ही 31 अगस्त से 5 सितंबर के दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग ने दिल्ली में 31 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अलर्ट जारी किया है। एक सितंबर को दोपहर से शाम के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है।
एमपी के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात
मंदाकिनी नदी बढ़ते जलस्तर के कारण मध्य प्रदेश के सतना, चित्रकूट, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बाढ़ जैसे हालात हैं। आज यानी सोमवार को सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर में वर्षा, बिजली चमकने एवं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।
वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर व जबलपुर समेत बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ हवाएं चलेंगी।
हिमाचल में 3 सिंतबर तक यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 3 सितंबर तक भारी बारिश का यलो अलर्ट है।
यह भी पढ़ें- Bihar Weather Update: भागलपुर में बदले मौसम के मिजाज, रुक-रुककर बारिश से उमस से राहत; अगले 3 दिनों का IMD अलर्ट
यह भी पढ़ें- पूर्वी यूपी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, अगस्त में कम बारिश के बाद अब दिखेगा मानसून का जोर
