विदेश मंत्रालय का सख्त एक्शन: पाकिस्तानी प्रभारी राजदूत को दिल्ली में किया गया तलब, सीमा घुसपैठ पर जताई कड़ी आपत्ति
पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो घुसपैठियों के मारे जाने की घटना को लेकर पाकिस्तान द्वारा भारतीय प्रभारी राजदूत ...और पढ़ें

प्रभारी राजदूत को तलब करने पर भारत ने पाकिस्तान को जताई कड़ी आपत्ति (फोटो- एएनआई)
HighLights
बीएसएफ के हाथों मारे गए घुसपैठियों को पाकिस्तान ने बताया अपना नागरिक
प्रभारी राजदूत को तलब कर भारत ने पाक के आरोपों को बताया बेबुनियाद
एएनआई, नई दिल्ली। पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो घुसपैठियों के मारे जाने की घटना को लेकर पाकिस्तान द्वारा भारतीय प्रभारी राजदूत को तलब किए जाने पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सीमा-पार घुसपैठ और ड्रग्स तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है।
विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी राजदूत साद अहमद वाराइच को तलब कर पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही अवैध सीमा-पार घुसपैठ पर भारत का कड़ा विरोध दर्ज कराया।
भारत ने पाकिस्तान सरकार से घुसपैठ और ड्रग्स तस्करी की घटनाओं की जांच करने तथा इनमें पाकिस्तानी सीमा सुरक्षा बलों की संलिप्तता की भी जांच कर उचित कार्रवाई करने को कहा है।
भारत ने पाकिस्तान से अंतरराष्ट्रीय सीमा की मर्यादा का सम्मान करने, संबंधित द्विपक्षीय व्यवस्थाओं का सख्ती से पालन करने और अपनी ओर से अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा है।
साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और निर्णायक कदम उठाने को कहा गया।
इससे पहले पाकिस्तान ने पंजाब में मारे गए दोनों घुसपैठियों को अपना नागरिक बताते हुए भारतीय प्रभारी राजदूत को तलब कर विरोध दर्ज कराया था।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने दावा किया कि दोनों व्यक्ति सीमा क्षेत्र में घूमने आए नागरिक थे और अनजाने में भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास तीन संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिए भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ ने उन्हें वापस लौटने के लिए चेतावनी दी। इनमें से एक व्यक्ति वापस पाकिस्तान की ओर लौट गया, जबकि दो अन्य चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ते रहे।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने चेतावनियों की अनदेखी की, जिसके बाद बीएसएफ जवानों ने गोलीबारी की और दोनों की मौत हो गई।
