विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपम विवाद की पूरी कहानी: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी क्यों नहीं जला 'दीपथून' पर दीपक?

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:26 PM (GMT+05:30)

मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम में कार्तिगई दीपम त्योहार के दौरान 'महा दीपम' जलाने के स्थान को लेकर विवाद गहरा गया है। 

कार्तिगई दीपम पर 'महा दीपम' जलाने का विवाद

कार्तिगई दीपम पर 'महा दीपम' जलाने का विवाद

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। 'कार्तिगई दीपम' एक पारंपरिक तमिल हिंदू त्योहार है, जिसे घरों और मंदिरों में दीपक जलाकर मनाया जाता है। मदुरै में स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम में विवाद इस बात को लेकर है कि इस वार्षिक त्योहार के दौरान मुख्य दीपक जिसे 'महा दीपम' कहा जाता है, उसे कहां जलाया जाए?

अनुष्ठान के स्थान को लेकर विवाद वर्षों से चल रहा है, जिसमें हिंदू संगठनों ने हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया दरगाह के पास पहाड़ी पर स्थित 'दीपथून' स्तंभ दीप जलाने की अनुमति मांगी है, जबकि राज्य सरकार और मंदिर प्राधिकरण ने कहा है कि पारंपरिक स्थान उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास है।

क्या है कार्तिगई दीपम विवाद?

दशकों से यह दीपक तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास 'दीपा मंडपम' में जलाया जाता रहा है। हालांकि, हिंदू संगठनों ने इसे 'दीपाथून' स्तंभ पर जलाने की अनुमति मांगी है।

यह पहाड़ी पर कुछ और ऊंचाई पर स्थित एक पत्थर का खंभा है, जो हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर है।

असल में यह विवाद केवल अनुष्ठान के स्थान तक ही सीमित नहीं है। इसमें पत्थर के खंभे यानी 'दीपाथून' की प्रकृति और पहाड़ी की चोटी के स्वामित्व को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जाते रहे हैं।

जहां एक तरफ हिंदू समूह 'दीपथून' को इस दीपक जलाने से जुड़ी एक प्राचीन संरचना बताता है, वहीं मुस्लिम पक्ष इसे एक 'सर्वे स्टोन' (सर्वेक्षण के लिए इस्तेमाल होने वाला पत्थर) मानता है।

दरगाह समिति ने भी हिंदू संगठनों की इस मांग का विरोध किया है और पहाड़ी की चोटी पर अपना स्वामित्व जताया है। दिसंबर 2025 में मद्रास हाई कोर्ट के एक न्यायाधीश ने मंदिर प्रशासन को 'दीपथून' पर दीपक जलाने का निर्देश दिया था।

छह जनवरी 2026 को दिए गए फैसले में हाई कोर्ट की एक खंडपीठ ने इस निर्देश को बरकरार रखा। इसके बाद राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

20 नवंबर के सुप्रीम कोर्ट के आदेश में क्या?

20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने 24 नवंबर को 'दीपथून' पर 'कार्तिगई दीपम' का दीपक जलाने की अनुमति दी।

यह एक बार के लिए की गई अंतरिम व्यवस्था थी। यह आदेश तब आया जब सुप्रीम कोर्ट इस अनुष्ठान को लेकर मद्रास हाई कोर्ट के निर्देशों के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था।

कोर्ट ने केवल मंदिर प्रशासन और सरकारी अधिकारियों द्वारा अधिकृत एक सीमित टीम को ही उस जगह पर जाकर दीपक जलाने की अनुमति दी।

साथ ही जिला कलेक्टर को निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया। सुप्रीम कोर्ट ने विवादित स्थान पर किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा उपाय भी लागू करने के निर्देश दिए।

कोर्ट ने आम लोगों को उस जगह पर जाने से रोका और अनुष्ठान के दौरान जुलूस निकालने, सार्वजनिक रूप से इकट्ठा होने, नारे लगाने और प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी।

तमिलनाडु सरकार ने बाद में सुप्रीम कोर्ट में 20 नवंबर के आदेश की समीक्षा और एक बार की अनुमति पर रोक लगाने के लिए संपर्क किया। हालांकि, अंतरिम निर्देश 24 नवंबर की व्यवस्थाओं के लिए आधार बना रहा।

24 नवंबर को क्या हुआ

24 नवंबर को तिरुपरंकुंद्रम में भारी तनाव के बीच कार्तिगई दीपम समारोह हुआ। हालांकि सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्दिष्ट स्थान दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बजाय, यह दीपम उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक दीप मंडपम में लगभग छह बजे जलाया गया।

राज्य के कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने एक पोस्ट में कहा कि कार्तिगई महादीपम दीप मंडपम में जलाया गया है, जो तिरुपरंकुंद्रम में मुख्य देवता के गर्भगृह के ठीक ऊपर है।

उधर भाजपा व हिंदूवादी संगठनों ने दीप निर्दिष्ट स्थान पर न जलाने को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई नेता हिरासत में भी लिए गए। भाजपा ने टीवीके नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की अनदेखी करने और भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु सरकार ने की सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना, दीपथून पर नहीं जला कार्तिगई दीपम

यह भी पढ़ें- कार्तिगई दीपम विवाद: तमिलनाडु में दीपक जलाने को लेकर क्यों छिड़ी जंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।