TVS परिवार में गहराया संपत्ति विवाद, पिता वेणु श्रीनिवासन के खिलाफ मद्रास हाई कोर्ट पहुंचीं लक्ष्मी वेणु
टीवीएस मोटर कंपनी के मानद चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट में अपने पिता के खिलाफ संयुक्त पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे के लिए याचिका दायर की है।

लक्ष्मी वेणु ने पिता पर किया मुकदमा (फाइल फोटो)
HighLights
लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर की।
पिता वेणु श्रीनिवासन के खिलाफ संपत्ति बंटवारे की मांग।
बातचीत विफल होने पर कानूनी रास्ता अपनाया गया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टीवीएस मोटर कंपनी के मानद चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने टीवीएस परिवार की वेणु श्रीनिवासन शाखा से जुड़ी संयुक्त पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे और अपने हिस्से (जिसे वह अपना कानूनी अधिकार मानती हैं) को अलग करने की मांग की है।
उनका कहना है कि बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कई कोशिशें नाकाम रहीं और कोई सहमति नहीं बन पाई। यह कानूनी कदम 16 नवंबर, 2026 को भेजे गए एक बंटवारा नोटिस के बाद उठाया गया है। इस नोटिस में उन्होंने अपने पिता से परिवार के मुखिया के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और संपत्ति का निष्पक्ष व कानूनी बंटवारा सुनिश्चित करने के लिए कहा था।
लक्ष्मी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, नोटिस के जवाब में वेणु श्रीनिवासन ने अपना रुख नहीं बदला और न ही पारिवारिक संपत्ति पर लक्ष्मी के दावों को स्वीकार किया। ऐसे में, उनके पास अदालत की शरण लेने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा था।
लक्ष्मी का कहना है कि उनके परदादा और दादा द्वारा बनाई गई विरासत पर उनका और उनके भाइयों का बराबर का हक है, और पारिवारिक संयुक्त संपत्ति पर उनके दावे को खारिज नहीं किया जा सकता।
टीवीएस समूह की स्थापना 1911 में टीवी सुंदरम आयंगर ने की थी। तब से इस ग्रुप का नियंत्रण मुख्य रूप से संस्थापक के परिवार की चार शाखाओं के पास रहा है। जिसमें टीएस राजम, टीएस कृष्णा, टीएस श्रीनिवासन और टीएस संथानम शाखाएं हैं। राजम शाखा टीवीएस मोबिलिटी और उससे जुड़े व्यवसायों से जुड़ी हैं।
कृष्णा शाखा सुंदरम फास्टनर्स और उससे संबंधित पुर्जा बनाने वाली कंपनियों से, श्रीनिवासन शाखा टीवीएस मोटर और अन्य व्यवसायों से और संथानम शाखा सुंदरम फाइनेंस और उससे जुड़े व्यवसायों से जुड़ी है। वर्तमान विवाद केवल वेणु श्रीनिवासन शाखा तक ही सीमित है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।