'लीडरशिप एज मिशन' वर्कशॉप: पीएम मोदी के 25 साल के शासन से सीखेंगे अफसर, विकसित भारत 2047 का रोडमैप तैयार
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव को 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य का आधार बनाया जाएगा।

'लीडरशिप एज मिशन' वर्कशॉप।
HighLights
पीएम मोदी के 25 साल के अनुभव पर आधारित वर्कशॉप।
'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य के लिए प्रशासनिक दक्षता पर जोर।
कच्छ भूकंप, कोरोना प्रबंधन जैसे केस स्टडीज शामिल किए गए।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 सालों से मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में कार्यरत है। उनके इस 25 सालों के प्रशासनिक अनुभवों को अगले 20 सालों के शासन का आधार बनाया जाएगा। इस काम के लिए अगले साल अक्टूबर तक पांच वर्कशॉप आयोजित किए जाएंगे। पहले वर्कशॉप की शुरुआत मंगलवार को हुई।
नीति आयोग की तरफ से आयोजित इस वर्कशॉप का नाम मिशन के तहत नेतृत्व (लीडरशिप एज मिशन) दिया गया। इस वर्कशॉप में मोदी के नेतृत्व की खासियत और उनके शासन काल में घटित विभिन्न घटनाओं को केस स्टडी के रूप में बताया गया। उदाहरण के लिए मोदी जब गुजरात में मुख्यमंत्री थे तो कच्छ में भयंकर भूकंप आया था।
उस भूकंप से कैसे पूरे इलाके को उबारा गया, उस इलाके को विकसित किया और हादसे के मात्र तीन साल के अंदर कच्छ इलाके को पहले से भी अधिक जीवंत बना दिया गया। वैसे ही 2020 में आए कोरोना महामारी के मुकाबले के लिए प्रशासनिक दक्षता के इस्तेमाल को केस स्टडी में शामिल किया गया है।
वर्कशॉप में शामिल सभी अधिकारी इससे सबक लेकर आने वाले 20 वर्षों में उस पर अमल करेंगे। अगले 20 साल यानी कि 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। तब भारत की अर्थव्यवस्था का आकार 35-40 लाख करोड़ डॉलर का होगा।
नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग जैन ने इस मौके पर कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के नेतृत्व से प्राप्त अनुभव व अर्जित शिक्षाओं को संकलित कर उन्हें भविष्य के लिए संस्थागत ज्ञान के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इस 25 वर्षों की यात्रा में यह पता चलता है कि व्यक्तिगत पद की अपेक्षा उद्देश्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। आदेश देने के बजाय सेवा की भावना को अपनाना चाहिए और शासन व्यवस्था को कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने पर केंद्रित होना चाहिए।
इस वर्कशॉप में 900 नुमाइंदों ने शिरकत की। इनमें केंद्र के सभी मंत्रालयों के सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी, शैक्षणिक संस्थानों के नुमाइंदे और प्रधानमंत्री के कार्यकाल में चलाए गए सामाजिक कार्यक्रम से लाभान्वित लोग शामिल थे।
मिशन के रूप में नेतृत्व के बाद डिलिवरी के लिए प्रशासन, समावेशी विकास, सभ्यता की पहचान और विश्व में भारत की भूमिका पर वर्कशॉप किए जाएंगे जो अगले साल अक्टूबर तक चलेगा।
इस मौके पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने कहा कि भारत की विकास यात्रा को गति देने में मजबूत राजनीतिक और प्रशासनिक नेतृत्व की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का अनुभव विकसित भारत 2047 की दिशा में लोक सेवकों के प्रशिक्षण और उनकी कार्यशैली को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव- पीके मिश्रा
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने वर्कशॉप के उद्घाटन सत्र के संबोधन में कहा कि वर्ष 2001 में कच्छ में आए भूकंप के बाद त्वरित गति से राहत और पुनर्निर्माण से लेकर कोविड-19 महामारी के दौरान देश की समन्वित प्रतिक्रिया तक, वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भागीदारी से लेकर लखपति दीदी पहल के परिवर्तनकारी प्रभाव तक किए गए ये सभी प्रयास दर्शाते हैं कि दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, संवेदनशील प्रशासन और मिशन आधारित शासन व्यवस्था किस प्रकार लोगों के जीवन में सार्थक बदलाव ला सकती है”।
इस अवसर पर कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में भारत के प्रधानमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने उद्यमिता को निरंतर आर्थिक विकास और राष्ट्र निर्माण का प्रमुख माध्यम माना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।