Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कभी आंख दिखाने वाले मुइज्जू का उमड़ा भारत प्रेम, अब पीएम मोदी को दिया मालदीव आने का न्यौता

Mohamed Muizzu मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू का भारत को लेकर रुख एकदम से बदल गया है। कभी चीन के प्रति खुलकर लगाव दिखाने वाले मुइज्जू अब भारत के साथ नजदीकी बढ़ाने में लगे हैं। पांच महीने में दूसरी बार भारत का दौरा करने के बाद अब उन्होंने पीएम मोदी को मालदीव आने का न्योता दिया है। पीएम मोदी ने भी न्योता स्वीकार कर लिया है।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Mon, 07 Oct 2024 07:57 PM (IST)
Hero Image
सोमवार को मोहम्मद मुइज्जू और पीएम मोदी की हुई मुलाकात। (Photo- ANI)

एएनआई, नई दिल्ली। पांच दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों ने आपसी रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही भारत और मालदीव के बीच कई अहम समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दौरे का विवरण देते हुए बताया कि मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू ने पीएम मोदी को अगले साल राजकीय यात्रा पर मालदीव आने का निमंत्रण भी दिया है। विदेश सचिव के अनुसार प्रधानमंत्री ने यह निमंत्रण स्वीकार भी कर लिया है। यात्रा की तारीखें राजनयिक माध्यमों से तय की जाएंगी।

मदद के लिए हमेशा आगे आया भारत

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को कहा कि मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की भारत यात्रा का उद्देश्य नई दिल्ली और माले के बीच संबंधों की मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच संबंधों की नई सीमाओं को रेखांकित करना है। मिस्री ने मालदीव में 1998 में तख्तापलट की कोशिश, 2004 में आई सुनामी और 2014 में जल संकट जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भारत हमेशा से ही किसी भी संकट की स्थिति में द्वीपीय राष्ट्र के लिए सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाला देश रहा है।

मुंबई और बेंगलुरू भी जाएंगें मुइज्जू

उन्होंने बताया कि मुइज्जू का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को आगरा और उसके बाद मुंबई जाएगा। यह बेंगलुरु की यात्रा के साथ समाप्त होगा। इससे पहले दिन में राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और अन्य प्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट गए। मालदीव के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय चर्चा की।