विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई हादसा: फ्लाईओवर से गिरते वक्त 120 किमी/घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी BMW, चालक शनाय पर पहले से दर्ज थे केस

Published: Tue, 22 Sep 2026 02:00 AM (IST)

मुंबई पुलिस ने बताया कि कोस्टल रोड पर हुए बीएमडब्ल्यू हादसे के वक्त कार 120 किमी/घंटा की रफ्तार से थी, ...और पढ़ें

फ्लाईओवर से गिरते वक्त 120 किमी की रफ्तार से दौड़ रही थी बीएमडब्ल्यू

फ्लाईओवर से गिरते वक्त 120 किमी की रफ्तार से दौड़ रही थी बीएमडब्ल्यू

HighLights

  1. दुर्घटना के वक्त बीएमडब्ल्यू की रफ्तार 120 किमी/घंटा थी।

  2. चालक शनाय गज्जर का लापरवाही और नशे का इतिहास रहा है।

  3. हादसे में तीन की मौत, एक युवा गंभीर रूप से घायल।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। मुंबई पुलिस ने सोमवार को कहा कि मुंबई में कोस्टल रोड पर रविवार सुबह जो बीएमडब्ल्यू कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, हादसे के वक्त उसकी रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटा थी।

दूसरे उसके चालक 21 वर्षीय शनाय गज्जर का लापरवाही से गाड़ी चलाने और नशे में उपद्रव करने का इतिहास रहा है।

शनाय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बता दें कि कोस्टल रोड पर मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर तेज गति से जा रही एक बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी थी। इसमें सवार चार युवाओं में से तीन की मौत हो गई थी जबकि चौथा गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।

मृतकों की शिनाख्त शनाय गज्जर के अलावा 17 वर्षीय धैर्य दर्शन सेठ, 19 वर्षीय आदित्य जकस्निया के रूप में हुई थी। चौथे घायल 23 वर्षीय आदित्य ओस्वाल की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

मिड-डे के अनुसार, पुलिस ने कहा है कि कार लगभग 120 किमी प्रति घंटे की गति से चल रही थी, जबकि कोस्टल रोड पर गति सीमा 80 किमी प्रति घंटे है। साथ ही कहा कि दुर्घटनाग्रस्त कार में शनाय का एक पांव एक्सीलेटर पैडल पर था। उसके शरीर का आधा हिस्सा वाहन से बाहर था। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

प्रेट्र के अनुसार तर्देओ पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि शनाय का लापरवाही से गाड़ी चलाने और नशे में धुत होकर हंगामा करने का पुराना इतिहास रहा है। दक्षिण मुंबई के नेपियन सी रोड निवासी शनाय के खिलाफ मार्च में गामदेवी पुलिस स्टेशन में और पिछले महीने ही नशे की हालत में अधिकारियों को बाधा पहुंचाने के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन में पहले से ही मामले दर्ज थे। मार्च में घटी इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

अधिकारी के अनुसार, उस मामले में शिकायतकर्ता ओंकार शिर्के जोकि 29 मार्च को अपनी पत्नी के साथ बाइक पर जा रहे थे, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शनाय की बीएमडब्ल्यू ने उनके वाहन को टक्कर मारी। शिर्के ने उसका एक वीडियो भी बना था जिसमें आरोपित गाड़ी चला रहा था।

अगस्त में बांद्रा में हुई घटना में शनाय और तीन अन्य लोगों ने नशे की हालत में एक सड़क पर हंगामा किया था और पुलिस स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ बदतमीजी की थी।

आदित्य ओसवाल की सेहत से जुड़ी जानकारी

वह ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में हैं। वह बेहोश हैं और सर्जरी के बाद उनकी हालत बहुत स्थिर नहीं है; उनकी ब्रेन सर्जरी हुई है और उन्हें कई फ्रैक्चर भी आए हैं।