बदरीनाथ धाम में DJ कॉन्सर्ट पर भड़के मुरली मनोहर जोशी, बोले- 'यह पवित्रता पर सीधा आघात'
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने उत्तराखंड के बदरीनाथ में हाल में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर आपत्ति जताई है।

बदरीनाथ में कॉन्सर्ट और डीजे कार्यक्रम आयोजित करने पर मुरली मनोहर जोशी ने जताई आपत्ति
HighLights
चमोली जिले के बदरीनाथ में ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल’ आयोजित किया गया था
जोशी ने केंद्र और उत्तराखंड सरकार से ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने की बात कही है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने उत्तराखंड के बदरीनाथ में हाल में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर आपत्ति जताई है।
उन्होंने कहा कि पवित्र धाम में संगीत कॉन्सर्ट और डीजे जैसे कार्यक्रम की अनुमति देना सांस्कृतिक मर्यादा का उल्लंघन और मंदिर की पवित्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
चमोली जिले के बदरीनाथ में ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल’ आयोजित किया गया था, जिसका विषय ‘संस्कृति हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ था।
जोशी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि बदरीनाथ धाम की स्थापना आदि गुरु शंकराचार्य ने हिमालयी वातावरण में शांतिपूर्ण भक्ति और स्तुति के लिए की थी।
उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले संवेदनशील क्षेत्र में तेज संगीत और बड़े आयोजनों के पर्यावरणीय तथा स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों पर भी विचार किया जाना चाहिए।
जोशी ने केंद्र और उत्तराखंड सरकार से ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने तथा देवभूमि की पवित्रता बनाए रखने का आग्रह किया।
उन्होंने शंकराचार्यों और संतों से भी सांस्कृतिक परंपराओं के क्षरण को रोकने के लिए प्रभावी आवाज उठाने की अपील की।
जोशी ने कहा कि हिमालय भगवान शिव की भूमि और गंगा का उद्गम क्षेत्र है तथा इसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।
(इनपुट- पीटीआई)
