विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुनिया में 2035 तक मुसलमानों की संख्या होगी सबसे ज्यादा, रिसर्च रिपोर्ट में बड़ा दावा

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:35 PM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2026 07:00 AM (IST)

2020 से 2070 के बीच विश्व की आबादी में 29 फीसदी वृद्धि होने का अनुमान है। मुसलमानों की आबादी लगभग ...और पढ़ें

दुनिया में 2035 तक मुसलमानों की संख्या होगी सबसे अधिक (फोटो- रॉयटर)

दुनिया में 2035 तक मुसलमानों की संख्या होगी सबसे अधिक (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. 2035 तक ईसाइयों से ज्यादा हो जाएगी मुसलमानों की संख्या 

  2. मुस्लिमों में प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 तो ईसाई महिलाओं की दर 2.5

  3. 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक हो जाएगी 

एपी, न्यूयॉर्क। प्यू रिसर्च सेंटर के बुधवार को जारी विस्तृत अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है और उसके अनुयायियों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है।

धर्मों की जनसांख्यिकी पर 25 साल से प्रामाणिक रिपोर्ट जारी कर रहे प्यू सेंटर का कहना है कि इस्लाम और ईसाई धर्म, दोनों का विस्तार हो रहा है, लेकिन इस्लाम कहीं बहुत तेज गति से बढ़ रहा है। प्यू के मुताबिक, इसकी एक प्रमुख वजह यह है कि मुसलमानों में अन्य बड़े धार्मिक समूहों की तुलना में बच्चों की संख्या अधिक होती है।

प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकीविद् कॉनरॉड हैकेट ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि यह बच्चों की वजह से है। उन्होंने कहा कि मतातंरण और धार्मिक पहचान बदलने के अन्य तरीके, प्रजनन दर की तुलना में बहुत छोटे कारक हैं।

प्यू के अनुसार, 2020-2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे थी, जबकि ईसाई महिलाओं की दर 2.5 थी। अन्य सभी धर्मों की महिलाओं की औसत प्रजनन दर 1.6 थी, जो 2.1 के उस स्तर से कम है जिसे हर पीढ़ी के अपने स्थान पर अगली पीढ़ी लाने के लिए जरूरी माना जाता है।

प्यू के नवीनतम अनुमानों के अनुसार, 2020 में दुनिया भर में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। प्यू के नए अनुमानों में 2035 तक मुसलमानों की संख्या 2.57 अरब और ईसाइयों की 2.52 अरब रहने की संभावना जताई गई है।

हाल के रुझान जारी रहने पर 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक और ईसाइयों की संख्या 3 अरब से कुछ कम होगी। ये अनुमान प्यू की उस व्यापक परियोजना का हिस्सा हैं, जिसमें 2020 से 2070 के बीच प्रमुख धार्मिक समूहों की आबादी में संभावित बदलाव का आकलन किया गया है।

इन अनुमानों में धार्मिक समूहों की उम्र संबंधी संरचना, प्रजनन दर और धर्म बदलने तथा प्रवासन के हालिया रुझानों के अंतर को ध्यान में रखा गया है।

इस अध्ययन के कई उल्लेखनीय निष्कर्षों में से एक यह है कि प्यू के अनुमान के अनुसार, 40 साल के भीतर अमेरिका में ईसाई बहुसंख्यक नहीं रहेंगे। प्यू के मुताबिक, अभी अमेरिका की आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत है, जो 2065 तक घटकर 50% से नीचे आ जाएगी।

मुसलमानों और ईसाइयों की आबादी में वृद्धि, जनसंख्या वृद्धि के अनुरूप रहने का अनुमान

प्यू के मुताबिक, 2020 से 2070 के बीच दुनिया की आबादी में 29 प्रतिशत वृद्धि होने का अनुमान है। जिन धार्मिक समूहों का उसने विश्लेषण किया, उनमें केवल मुसलमानों और ईसाइयों की आबादी में वृद्धि दुनिया की कुल जनसंख्या वृद्धि के अनुरूप रहने की संभावना है। ईसाइयों की संख्या 30 प्रतिशत और मुसलमानों की 80 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।

प्यू ने कहा कि हिंदुओं और यहूदियों की संख्या में कुल वृद्धि होने के बावजूद, वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी घटने का अनुमान है।

अनुमान है कि बौद्धों की संख्या और दुनिया की आबादी में उनकी हिस्सेदारी, दोनों में कमी आएगी। इसकी एक वजह चीन, दक्षिण कोरिया और जापान की कुल आबादी में संभावित गिरावट है।

अन्य प्रमुख क्षेत्रों की आबादी में अपेक्षाकृत धीमी वृद्धि होने या उसमें गिरावट आने का अनुमान

उदाहरण के लिए, प्यू के मुताबिक, 2070 तक यूरोप में रहने वाले लोगों की संख्या 17 प्रतिशत घट जाएगी और वहां ईसाइयों की संख्या एक-तिहाई कम होकर 50.5 करोड़ से 32.4 करोड़ रह जाएगी। इसी अवधि में यूरोप की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत से बढ़कर 13 प्रतिशत होने का अनुमान है।

प्यू के अनुमान के अनुसार, अमेरिका में ईसाइयों की संख्या 2020 के करीब 21.7 करोड़ से घटकर 2070 में करीब 17.4 करोड़ रह जाएगी।

अमेरिका के कई मुख्यधारा वाले प्रोटेस्टेंट संप्रदायों की सदस्यता कई वर्षों से घट रही है। हालांकि, कैलिफोर्निया स्टेट-सैक्रामेंटो में धार्मिक अध्ययन के प्रोफेसर जेफरी ब्राड ने कहा कि इस महीने कांग्रेस के चुनावों में इन उदारवादी से लेकर मध्यमार्गी संप्रदायों से जुड़े कई डेमोक्रेटों की जीत के बाद स्थिति में सुधार संभव है।

प्यू के अनुमानों के अनुसार, 2020-2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं ने किसी भी अन्य धर्म की महिलाओं की तुलना में अधिक बच्चों को जन्म दिया। मुस्लिम माताओं से करीब 25.2 करोड़ बच्चे पैदा हुए, जबकि ईसाई माताओं से 20.8 करोड़ बच्चे पैदा हुए।

आने वाले दशकों में मुसलमान ही एकमात्र बड़ा धार्मिक समूह होंगे, जिनमें जन्म लेने वाले बच्चों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। अन्य समूहों में जन्मों की संख्या स्थिर रहने या धीरे-धीरे घटने की संभावना है।

प्यू के मुताबिक, हालिया रुझान जारी रहने पर 2070 तक पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी सबसे अधिक होगी। उसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा। फिलहाल सबसे अधिक मुसलमान इंडोनेशिया में हैं।

धार्मिक जनसांख्यिकी में विशेषज्ञता रखने वाली हार्वर्ड डिविनिटी स्कूल की वरिष्ठ शोधकर्ता जीना जुर्लो ने कहा कि बदलते रुझानों के मद्देनजर ईसाई-मुस्लिम संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ धार्मिक समुदायों में ‘सभ्यताओं के टकराव’ का सिद्धांत अब भी काफी प्रभावी है और दोनों पक्षों में एक-दूसरे के धर्मों को लेकर बहुत गलतफहमी है। कई ईसाई इस बात से खुश नहीं हैं कि इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बनेगा और इससे उनकी चिंता और बढ़ रही है।

कुछ क्षेत्रों में बिना धार्मिक जुड़ाव वाले लोगों की संख्या बढ़ रही

कई देशों में ऐसे लोगों की संख्या लगातार बढ़ी है जो नास्तिक हैं, अज्ञेयवादी हैं या किसी धर्म से जुड़ाव नहीं रखते। प्यू के मुताबिक, चीन को छोड़कर—जहां ऐसे लोगों की हिस्सेदारी काफी अधिक है, लेकिन कुल आबादी में तेज गिरावट का अनुमान है—दुनिया के अन्य हिस्सों में ऐसे लोगों की संख्या 2070 तक 18 करोड़ से अधिक बढ़ जाएगी।

प्यू के अनुसार, चेक गणराज्य, जापान, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, उरुग्वे और वियतनाम समेत 10 देशों में ऐसे लोग पहले से आबादी के बहुमत में हैं। अनुमान है कि 2070 तक दक्षिण कोरिया, फ्रांस और ब्रिटेन भी इस समूह में शामिल हो जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।