मणिपुर में सोशल मीडिया पर डाला अश्लील कंटेंट, नाबालिग समेत 13 लोग हिरासत में
मणिपुर में टेलीग्राम चैनलों के जरिये अश्लील कंटेंट प्रसारित करने और उससे कमाई करने के आरोप में नाबालिग समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

मणिपुर में सोशल मीडिया पर डाला अश्लील कंटेंट, नाबालिग समेत 13 लोग हिरासत में
HighLights
इस अभियान के दौरान कुल 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए
12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया
पीटीआई, इंफाल। मणिपुर में टेलीग्राम चैनलों के जरिये अश्लील कंटेंट प्रसारित करने और उससे कमाई करने के आरोप में नाबालिग समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बिष्णुपुर जिले के मोइरांग पुलिस थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत के अनुसार, कई टेलीग्राम चैनलों के यूजर्स कथित तौर पर स्थानीय महिलाओं के अश्लील वीडियो और तस्वीरें उनकी सहमति के बिना प्रसारित करने, साझा करने और उनसे कमाई करने में शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू की गई है, जिसे ‘ऑपरेशन डिग्निटी’ नाम दिया गया। इस दौरान 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
ये गिरफ्तारियां बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम और कॉकचिंग जिलों से की गईं। इस अभियान के दौरान कुल 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए। तीन अक्टूबर को मिली जानकारी के आधार पर यह अभियान शुरू किया गया।
आईटी एक्ट, बच्चों को यौन उत्पीड़न से बचाने वाले कानून पोक्सो और बीएनएस के तहत स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान, 150 से अधिक चैनलों/ग्रुप्स के "नेटवर्क स्टेटस" की पहचान की गई।
