दुनिया में 2070 तक हिंदू जनसंख्या वृद्धि दर अन्य धर्मों की तुलना में हो जाएगी कम, रिसर्च रिपोर्ट में बड़ा दावा
प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार, 2070 तक भारत में हिंदू आबादी में 17.6 करोड़ की बढ़ोतरी होगी, लेकिन ...और पढ़ें

2070 तक हिंदू आबादी में वृद्धि पर वैश्विक धार्मिक बदलाव (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर धार्मिक आबादी में हो रहे बदलावों को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर की एक नई रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट में 2020 से 2070 के बीच दुनिया के प्रमुख धार्मिक समूहों के आकार और संरचना में होने वाले संभावित बदलावों का विश्लेषण किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अगले पांच दशकों में भारत की हिंदू आबादी में 17.6 करोड़ की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। हालांकि, मुस्लिम आबादी की प्रजनन दर ज्यादा होने और युवा आबादी के कारण देश की कुल जनसंख्या में हिंदुओं की हिस्सेदारी में मामूली कमी आ सकती है।
इसके बावजूद, 20270 तक भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से ज्यादा बनी रहेगी।
140 करोड़ होगी हिंदू आबादी
प्यू रिसर्च के अनुसार, 2020 से 2070 के बीच दुनिया भर में हिंदुओं की संख्या 19.9 करोड़ बढ़कर लगभग 140 करोड़ तक पहुंच जाएगी। हालांकि, विश्व की अन्य आबादी के इससे भी तेज गति से बढ़ने के कारण वैश्विक जनसंख्या में हिंदुओं का हिस्सा 2020 के 15 प्रतिशत से घटकर 2070 में 14 प्रतिशत रह सकता है।
2020 के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 110 करोड़ हिंदू थे, जो दुनिया की कुल हिंदू आबादी का करीब 95 प्रतिशत हिस्सा हैं। भारत के बाद शीर्ष पांच देशों में नेपाल (2.4 करोड़), बांग्लादेश (1.3 करोड़), पाकिस्तान (50 लाख) और इंडोनेशिया (40 लाख) शामिल थे।
2070 तक इस सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अनुमान है कि अमेरिका दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी वाला देश बन जाएगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया करीब 30 लाख हिंदुओं के साथ नौवें स्थान पर आ जाएगा। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात टॉप 10 की सूची से बाहर हो सकता है। पाकिस्तान में हिंदू आबादी दोगुनी होकर एक करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।
धर्म परिवर्तन का असर
रिपोर्ट बताती है कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में 2070 तक हिंदू आबादी 19.1 करोड़ बढ़ेगी और वहां कुल आबादी में उनका हिस्सा 26 से बढ़कर 28 प्रतिशत हो जाएगा। उत्तरी अमेरिका में आप्रवासन के कारण हिंदू आबादी 40 लाख से बढ़कर 90 लाख से अधिक होने की उम्मीद है।
धर्म परिवर्तन के प्रभाव को लेकर प्यू ने स्पष्ट किया है कि इसका हिंदू आबादी पर बहुत मामूली असर पड़ेगा। हिंदुओं और मुसलमानों दोनों में रिटेंशन रेट (अपने धर्म में बने रहने की दर) 99 प्रतिशत है, यानी इन परिवारों में जन्मे लगभग सभी लोग बड़े होकर भी इसी धर्म का पालन करते हैं। वहीं, ईसाइयों में यह दर 85 प्रतिशत और बौद्धों में 83 प्रतिशत है।
ईसाई धर्म को पीछे छोड़ देगा इस्लाम
प्यू की इस रिपोर्ट का सबसे चौंकाने वाला पहलू वैश्विक स्तर पर मुस्लिम आबादी की तेज रफ्तार है। अध्ययन के मुताबिक, 2035 तक इस्लाम ईसाई धर्म को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन जाएगा। प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकी विशेषज्ञ कॉनराड हैकेट के अनुसार, इस बदलाव के पीछे धर्म परिवर्तन नहीं बल्कि उच्च प्रजनन दर मुख्य कारण है।
2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं में प्रजनन दर 3.1 बच्चे प्रति महिला रही, जबकि ईसाई महिलाओं में यह 2.5 और अन्य समूहों में 1.6 थी।
आंकड़ों के अनुसार, 2020 में दुनिया में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। लेकिन 2035 तक मुस्लिम आबादी 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब होने का अनुमान है। यदि यही रुझान जारी रहा, तो 2070 तक दुनिया भर में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब के पार पहुंच जाएगी, जबकि ईसाई आबादी 3 अरब से कुछ कम रह जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।