'यह भारत का समय', पीएम मोदी बोले- महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर से गुजर रही भारतीय अर्थव्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्ववार को तीसरे कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन 2024 को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बीच यह भारत का समय है। यह दिखाता है कि आज दुनिया को भारत पर बहुत ज्यादा विश्वास है। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था वर्तमान में मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर से गुजर रही है।
आईएएनएस, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बीच यह भारत का समय है। यह दिखाता है कि आज दुनिया को भारत पर बहुत ज्यादा विश्वास है। इतना ही नहीं, देश का आत्मविश्वास असाधारण है।
तीसरे 'कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन 2024' को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब दुनिया के दो बड़े क्षेत्र युद्ध की स्थिति में हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये क्षेत्र वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण हैं, विशेष रूप से ऊर्जा के संदर्भ में।
'भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था'
उन्होंने कहा, 'भू-राजनीतिक स्थितियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था वर्तमान में मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। सकल घरेलू उत्पाद के मामले में यह पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हम स्मार्टफोन डाटा खपत में नंबर एक हैं और वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा इंटरनेट उपयोगकर्ता हैं। एएनआई के अनुसार, मोदी ने कहा कि वैश्विक नेताओं और वित्तीय विशेषज्ञों द्वारा भारत के प्रति जताई जा रही आश महज संयोग नहीं है, बल्कि यह उनकी सरकार द्वारा पिछले दशक में लाए गए सुधारों का परिणाम है। निवेशकों का मानना है कि भारत में निवेश करने का यह सही समय है।