विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मार्क कार्नी से पीएम मोदी की फोन पर बातचीत, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा

Published: Wed, 14 Oct 2026 02:01 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी से फोन पर सौहार्दपूर्ण और सार्थक बातचीत की।

मार्क कार्नी से पीएम मोदी की फोन पर बातचीत

मार्क कार्नी से पीएम मोदी की फोन पर बातचीत

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी दिसंबर में कनाडा का दौरा करेंगे

  2. दोनों नेताओं के बीच व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा

पीटीआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी से फोन पर सौहार्दपूर्ण और सार्थक बातचीत की।

दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों में आई सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने तथा व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और जन-संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणाम हासिल करने पर सहमति जताई।

पीएम मोदी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि भारत और कनाडा मिलकर अधिक स्थिर एवं समृद्ध विश्व के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

वहीं, कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के कार्यालय ने बताया कि पीएम मोदी दिसंबर में कनाडा की यात्रा करेंगे। दोनों नेताओं ने फोन पर बातचीत के दौरान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर वार्ता जल्द से जल्द पूरी करने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्नी कार्यालय के अनुसार, दोनों नेता दिसंबर में प्रस्तावित यात्रा से पहले एक-दूसरे के संपर्क में बने रहने पर सहमत हुए।

यह बातचीत कनाडाई प्रधानमंत्री के वरिष्ठ राजनयिक एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों के सलाहकार डेविड मारिसन की हालिया भारत यात्रा के बाद हुई।

पांच से सात अक्टूबर तक हुई इस यात्रा के दौरान मारिसन ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की थी।

दोनों अधिकारियों ने आतंकवाद, संगठित अपराध, मानव एवं मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध और प्रत्यर्पण के मामलों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी।