विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खेतों में अब नहीं सुलग रही पराली? पंजाब-हरियाणा में रिकॉर्ड सुधार, ICAR की रिपोर्ट में खुलासा

By arvind sharmaEdited By: Harsh Katare
Published: Mon, 09 Nov 2026 09:11 PM (IST)Updated: Mon, 09 Nov 2026 09:12 PM (IST)

आईसीएआर की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में पिछले छह सालों में पराली जलाने की घटनाओं में 90 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।

पंजाब-हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में भारी गिरावट

पंजाब-हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में भारी गिरावट

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अरविंद शर्मा, नई दिल्ली। एनसीआर की हवा खराब करने के लिए कभी जिम्मेदार माने जाने वाले पंजाब-हरियाणा के किसानों का पराली जलाने से अब मोहभंग होने लगा है। छह साल में दोनों राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में 90 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है।

पंजाब में जहां 2020 में पराली जलाने की 67,654 घटनाएं दर्ज की गई थीं, वहीं 2026 में यह संख्या घटकर 4,459 रह गई। हरियाणा में भी आंकड़ा 3,253 से घटकर 175 पर आ गया है।

हालांकि, पंजाब में पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन छह साल का रुझान बताता है कि किसानों के व्यवहार में बड़ा बदलाव आया है।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के उपग्रह आधारित आंकड़ों के अनुसार 15 सितंबर से आठ नवंबर तक की अवधि में पंजाब में 2020 के मुकाबले पराली जलाने की घटनाओं में 93.4 प्रतिशत और हरियाणा में 94.6 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह कमी हालांकि हर साल एक जैसी नहीं रही। पंजाब में 2022 में घटनाएं बढ़ीं, लेकिन इसके बाद गिरावट तेज हुई।

2026 में भी पंजाब में 2025 की 3,622 घटनाओं के मुकाबले बढ़कर 4,459 घटनाएं दर्ज की गईं। इसके उलट हरियाणा में 2025 की 266 घटनाओं से घटकर इस बार 175 रह गईं।

इस दिवाली पर पराली जलाने की घटनाओं में आई तेजी को आईसीएआर के उप महानिदेशक (कृषि विस्तार एवं अभियांत्रिकी) डा. राजबीर सिंह मौसमी और कृषि परिस्थितियों से जोड़कर देखते हैं। उनका कहना है कि एक-दो दिनों के आंकड़ों से पूरे सीजन की प्रगति का आकलन नहीं करना चाहिए।

इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह खेती में मशीनों का बढ़ता इस्तेमाल है। केंद्र सरकार ने 2018 में फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि मशीनीकरण को प्रोत्साहन देना शुरू किया था। किसानों को पराली खेत में मिलाने और बाहर निकालने वाली मशीनों पर अनुदान दिया गया।

छोटे किसानों के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर बनाए गए, ताकि उन्हें महंगी मशीनें खरीदनी न पड़ें। 2025-26 तक देशभर में 3.45 लाख से अधिक मशीनें वितरित की गईं और 43,276 केंद्र स्थापित हुए। इनमें पंजाब में करीब 1.48 लाख मशीनें और 25,917 केंद्र हैं। हरियाणा में 6,775 केंद्र बनाए गए।

हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्मार्ट सीडर और सरफेस सीडर जैसी मशीनों ने धान की कटाई के बाद गेहूं की बोआई के लिए पराली जलाने की मजबूरी कम की है। पंजाब में 2025-26 के दौरान 1.14 करोड़ टन धान अवशेषों का खेतों में ही प्रबंधन किया गया। इससे खेती की लागत में करीब 600 करोड़ रुपये की बचत हुई।

वहीं, लगभग 78.5 लाख टन पराली औद्योगिक बायलर, बायोमास एवं ताप बिजली संयंत्रों, पशुचारे, ईंट भट्ठों और जैव ईंधन उत्पादन में इस्तेमाल हुई। इससे पराली का व्यावसायिक उपयोग भी बढ़ा है।

आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट के मुताबिक पराली प्रबंधन में विज्ञान, सरकारी नीतियों और किसानों की सक्रिय भागीदारी का तालमेल निर्णायक साबित हुआ है।

छह वर्षों में पराली जलाने की घटनाएं

वर्ष पंजाब हरियाणा

2020- 67,654 3,253
2021- 42,475 4,536
2022- 33,090 2,624
2023- 22,981 1,649
2024- 6,029 935
2025- 3,622 266
2026- 4,459 175

(स्रोत : आईसीएआर प्रयोगशाला के उपग्रह आधारित आंकड़े। अवधि : 15 सितंबर से आठ नवंबर।)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।