विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संसद का विशेष सत्र: परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पारित कराए जाने की संभावना, BJP के पास जादुई आंकड़ा

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:57 PM (IST)

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर और 2 दिसंबर को बुलाया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण कानून के कार्यान्वयन से संबंधित प्रस्तावों को पारित करना है।

संसद का विशेष सत्र परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर होगा केंद्रित (फोटो-PTI)

संसद का विशेष सत्र परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर होगा केंद्रित (फोटो-PTI)

HighLights

  1. 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू होगा।

  2. परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण पर होगी चर्चा।

  3. सरकार को दो-तिहाई बहुमत जुटाने का पूरा विश्वास है।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। संसद सत्र और परिसीमन विधेयक को लेकर चल रहा असमंजस खत्म हो गया है। सरकार ने सोमवार 30 नवंबर को लोकसभा और बुधवार दो दिसंबर को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया है। इस तरह से उसने परिसीमन बिल पारित कराने के लिए विशेष सत्र बुलाए जाने की घोषणा कर दी है।

संसद की इस विस्तारित बैठक का एजेंडा अभी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन इसमें संदेह नहीं कि लोकसभा में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने के लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लाने के लिए यह विशेष सत्र बुलाया जा रहा है।

इसका संकेत एक दिन पहले संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से विशेष लेख में यह लिखे जाने से मिल गया था कि मैं नारी शक्ति को भरोसा दिलाता हूं कि उन्हें न्याय दिलाने के हमारे संकल्प को दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती। खास बात यह है कि इस बार विधेयक में लिखित रूप से यह शामिल होगा कि सभी राज्यों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ेंगी।

सभी राज्यों में बढ़ने वाली सीटों की संख्या भी बताई जाएगी। इस विशेष सत्र की घोषणा के साथ ही इस बात की भी काफी संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक हो सकती है, जिसमें इस सत्र के लिए रणनीति बनाने पर चर्चा होगी।

सरकार के सत्र बुलाने के इस दांव के बाद परिसीमन बिल पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त सियासी वार-पलटवार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सरकार महिला आरक्षण लागू करने की दलील के साथ परिसीमन बिल पारित कराने के लिए लोकसभा में दो तिहाई बहुमत जुटाने के लिए सियासी दांव-पेंच में कोई कसर नहीं छोड़ेगी, वहीं विपक्षी आइएनडीआईए गठबंधन परिसीमन बिल को रोकने के लिए फिर से पूरा जोर लगाएगा।

लेकिन विपक्ष की परिसीमन पर सरकार की राह रोकने की चुनौती इस बार कहीं ज्यादा इसलिए है कि छह माह पहले आइएनडीआईए से अलग हुए द्रमुक और शरद पवार की पार्टी राकांपा (शरदचंद्र पवार) के डांवाडोल रुख को देखते हुए विपक्षी एकजुटता पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं।

सरकारी सूत्रों का दावा है कि जरूरी दो तिहाई बहुमत से ज्यादा लगभग 375 का नंबर पूरा हो गया है। जाहिर है कि इसमें द्रमुक जैसे कुछ दलों का जहां खुला समर्थन होगा, वहीं विपक्ष के कई दलों की संख्या सदन से गैर मौजूद रह सकती है। राकांपा (शरदचंद्र पवार) की ओर से पहले ही कहा गया है कि यदि लिखित रूप में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की बात कही जाती है तो वह फिर से विचार करेगा।

संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने एक्स पर पोस्ट कर की। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से अनुरोध किया है कि वे क्रमशः सोमवार 30 नवंबर को लोकसभा और बुधवार दो दिसंबर को राज्यसभा की बैठकें फिर से बुलाएं, ताकि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाया जा सके। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है।

मानसून सत्र के 13 अगस्त को समाप्त होने के बाद सरकार ने सत्रावसान नहीं किया था, इसलिए तीन दिन की अग्रिम सूचना पर संसद की यह विशेष बैठक बुलाई जा रही है जो पिछले सत्र का ही विस्तार होगा।

सरकार के तीन दिसंबर को सत्र खत्म करने के एलान से यह भी साफ है कि अभी शीत सत्र बुलाने की कोई योजना नहीं है। सत्र बुलाने की सरकार की घोषणा से साफ है कि सत्तापक्ष 30 नवंबर को परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन बिल और महिला आरक्षण कानून के कार्यान्वयन से संबंधित प्रस्ताव को एक साथ लोकसभा में लेकर आएगा। इस पर दो दिन की चर्चा और वोटिंग के बाद इसे दो दिसंबर को ही या जरूरत पड़ने पर तीन दिसंबर को वोटिंग कराई जाएगी। राज्यसभा में सरकार के पास नंबर की चिंता नहीं है।

सरकार बीते अप्रैल महीने में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में लेकर आई थी, लेकिन वह दो तिहाई सांसदों का समर्थन नहीं जुटा पाई। विधेयक के पक्ष में 298 मत पड़े तो विरोध में 234। सरकार दो तिहाई बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई। हालांकि, बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी में हुई टूट के बाद उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में अब भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं।

इसी दरम्यान शिवसेना यूबीटी में भी तोड़फोड़ हुई और उसके छह लोकसभा सदस्य भाजपा के सहयोगी एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो चुके हैं। इस तरह भाजपा-राजग के पास इस समय घोषित रूप से 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है और दो तिहाई आंकड़े के लिए करीब 360 सदस्यों की जरूरत है।

शरद पवार की राकांपा (शरदचंद्र पवार) के पास आठ तो द्रमुक के पास 22 लोकसभा सदस्य हैं। ये दोनों पार्टियां परिसीमन पर सरकार का साथ देती हैं तो यह आंकड़ा 349 पहुंच जाएगा और ऐसे में कुछ अन्य सदस्यों की व्यवस्था करना भाजपा सरकार के लिए मुश्किल नहीं होगा।

इसलिए विपक्ष के सामने अप्रैल की तुलना में लोकसभा में अपनी कम हुई 26 की संख्या के साथ ही पवार तथा स्टालिन की पार्टी को सत्ताधारी दल के पाले में जाने से रोकना अग्नि परीक्षा से कम नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।