विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: चार वर्षीय बच्चे की अंतरिम अभिरक्षा जर्मन मां को सौंपी, सख्त शर्तें भी लगाईं

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:00 AM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने मां को तीन सप्ताह के भीतर सिंगापुर की सक्षम अदालत से ऐसा आदेश प्राप्त करने को कहा है, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और स्वीकृत अभिभावक योजना के अनुरूप हो।

सुप्रीम कोर्ट ने चार वर्षीय बच्चे की अंतरिम अभिरक्षा जर्मन मां को सौंपी (फोटो- एएनआई)

सुप्रीम कोर्ट ने चार वर्षीय बच्चे की अंतरिम अभिरक्षा जर्मन मां को सौंपी (फोटो- एएनआई)

HighLights

  1. शीर्ष न्यायालय ने कहा, बच्चे की भलाई के लिहाज से मां का प्रस्ताव बेहतर

  2. पीठ ने निर्देश दिया कि फिलहाल बच्चा दिल्ली में ही रहेगा

पीटीआई, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को एक भारतीय पिता और जर्मन मां के बीच बच्चे की अभिरक्षा को लेकर चल रहे विवाद में चार साल के बच्चे की अंतरिम कस्टडी मां को सौंपने का आदेश दिया। अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया मां का दावा अधिक मजबूत है और बच्चे की भलाई के लिहाज से भी उनका प्रस्ताव बेहतर है।

जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह और जस्टिस एन.वी. अंजारिया की पीठ ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था अस्थायी है। बच्चे के पिता की ओर से पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल याचिका पर अंतिम फैसला वही अदालत करेगी।

पीठ ने निर्देश दिया कि फिलहाल बच्चा दिल्ली में ही रहेगा। यहां मां और पिता को बारी-बारी से तीन-तीन दिन बच्चे के साथ रहने का अवसर मिलेगा।

सुप्रीम कोर्ट ने मां को तीन सप्ताह के भीतर सिंगापुर की सक्षम अदालत से ऐसा आदेश प्राप्त करने को कहा है, जो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और स्वीकृत अभिभावक योजना के अनुरूप हो।

योजना के तहत मां बच्चे का दाखिला सिंगापुर के यूनाइटेड वर्ल्ड कॉलेज साउथ ईस्ट एशिया में कराएंगी। पिता को दाखिले के लिए आवश्यक दस्तावेज और सहयोग देना होगा।

मां को सात दिन से अधिक की स्कूल छुट्टियों में बच्चे को भारत लाना होगा, ताकि वह पिता और पैतृक परिवार के साथ समय बिता सके। मां अदालत की अनुमति के बिना बच्चे को भारत के अलावा किसी अन्य देश नहीं ले जा सकेंगी।

गौरतलब है कि मां इंटरनेट मीडिया कंपनी टिकटाक में कार्यरत हैं, जबकि पिता भारत में वकील हैं। दोनों का रिश्ता 2019 में शुरू हुआ था और 2022 में बच्चे का जन्म हुआ। दोनों की शादी नहीं हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।