विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु में महिला की 'छोटी ड्रेस' वाले वीडियो पर विवाद, विजय की मंत्री ने ट्रोलर्स को दिखाया आईना

Updated: Mon, 24 Aug 2026 03:27 PM (GMT+05:30)

तमिलनाडु में एक महिला की 'छोटी ड्रेस' वाले वायरल वीडियो को मंत्री एस. कीर्तना का बताकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।

TVK मंत्री ने महिलाओं के प्रति नफरत भरी सोच की आलोचना की(फोटो: सोशल मीडिया)

TVK मंत्री ने महिलाओं के प्रति नफरत भरी सोच की आलोचना की(फोटो: सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु में एक कार से छोटी ब्लैक ड्रेस में उतरती हुई महिला का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर इस महिला को राज्य की उद्योग एवं निवेश संवर्धन मंत्री एस. कीर्तना बताकर वायरल किया गया।

हालांकि, मंत्री कीर्तना ने साफ किया है कि वीडियो में दिख रही महिला वह नहीं हैं। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अगर वह महिला वे खुद भी होतीं, तो इससे किसी को क्या फर्क पड़ना चाहिए था?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने महिला विरोधी मानसिकता को ऐसे लोगों का सबसे पुराना हथियार बताया, जिनके पास कोई सार्थक योगदान देने के लिए कुछ नहीं होता।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने एक छोटी ड्रेस पहनी महिला का वीडियो साझा करते हुए सवाल पूछना शुरू किया कि क्या यह उद्योग मंत्री कीर्तना हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग का दौर शुरू हो गया।

शिवकाशी से विधायक और विजय के मंत्रिमंडल की सबसे युवा सदस्य कीर्तना ने ट्रोलिंग पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे कमजोर और प्रतिगामी मानसिकता करार दिया, जिसने एक महिला के सामान्य जीवन जीने पर राजनीतिक उन्माद खड़ा कर दिया।

विपक्ष पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ लगातार अपमानजनक टिप्पणी करने वाले नेताओं के समर्थकों से आप और क्या उम्मीद कर सकते हैं?

कीर्तना ने स्पष्ट किया कि वीडियो में मौजूद महिला वह नहीं हैं। उन्होंने समाज की सोच पर सवाल उठाते हुए लिखा कि लेकिन अगर वह मैं होती भी, तो इससे क्या फर्क पड़ता? किसी महिला के कपड़े, उसका पहनावा या उसकी खुशियों को आज भी सार्वजनिक सुनवाई का विषय क्यों माना जाता है?

उन्होंने आगे कहा कि जब विपक्ष सरकार की नीतियों, सुशासन या ट्रैक रिकॉर्ड को चुनौती देने में असमर्थ होता है, तो वह नेताओं और उनके परिजनों की निजी जिंदगी पर झूठी कहानियां गढ़ने का सहारा लेता है।

वीडियो वाली महिला से मांगी माफी

कीर्तना ने उस महिला से भी माफी मांगी जिसे केवल चेहरे के हल्के से मिलते-जुलते होने के कारण इस विवाद में घसीट लिया गया। उन्होंने लिखा कि मुझे खेद है। आप बेहद खूबसूरत लग रही हैं और मुझे उम्मीद है कि आप अपनी शर्तों पर जिंदगी जीती रहेंगी और अपने हेयर हाइलाइट्स को ऐसे ही पसंद करती रहेंगी।

एक सार्वजनिक संबोधन के दौरान उन्होंने डीएमके और एआईएडीएमके पर निशाना साधते हुए कहा कि हर शनिवार और रविवार को झूठा प्रचार करना ही उनका काम रह गया है और वे इंटरनेट पर महिलाओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

डीएमके आईटी विंग ने भी किया समर्थन

इस मामले में डीएमके की आईटी विंग के सचिव टी.आर.बी. राजा भी कीर्तना के समर्थन में आगे आए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी स्थिति में महिला विरोधी सोच को सही नहीं ठहराया जा सकता।

एक्स पर पोस्ट करते हुए राजा ने लिखा कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा महिलाओं और उनकी प्राथमिकताओं को नीचा दिखाने और ऐसे लोगों को जबरन विवाद में घसीटने की कोशिश देखना बेहद घिनौना है, जिनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि डीएमके महिलाओं की गरिमा, अधिकारों और स्वतंत्रता के साथ मजबूती से खड़ी है और शालीनता की सीमा लांघने वाले किसी भी कृत्य को कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- विजय ठोकेंगे प्रधानमंत्री पद पर दावेदारी? TVK ने कहा भावी पीएम, तो कांग्रेस बोली- सपने देखने पर रोक नहीं

यह भी पढ़ें- भारी विरोध के बाद तमिलनाडु सरकार ने रद किया परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट, सीएम विजय बोले- 'मैं प्रदर्शनकारियों के साथ'