विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी नौकरियों के लिए बनेगा यूनिफाइड पोर्टल, एक ही रजिस्ट्रेशन से UPSC, SSC समेत कई परीक्षाओं में कर सकेंगे आवेदन

Published: Thu, 24 Sep 2026 12:38 AM (IST)

केंद्र सरकार सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक यूनिफाइड पोर्टल तैयार कर रही है। इस पोर्टल ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग बना रहा यूनिफाइड पोर्टल।

  2. एक बार रजिस्ट्रेशन से कई सरकारी नौकरियों में आवेदन।

  3. एकीकृत परीक्षा कैलेंडर से तारीखों का टकराव टलेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए केंद्र सरकार एक बड़ी सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रही है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) एक यूनिफाइड पोर्टल तैयार कर रहा है, जहां केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी अधिसूचनाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी। अभ्यर्थी इस पोर्टल पर एक बार रजिस्ट्रेशन कर विभिन्न सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, प्रस्तावित पोर्टल पर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), कर्मचारी चयन आयोग (SSC), रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) समेत विभिन्न केंद्रीय भर्ती एजेंसियों की परीक्षाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS), पब्लिक एंटरप्राइजेज सेलेक्शन बोर्ड (PESB), नेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी (NRA) और विभिन्न राज्यों के भर्ती बोर्डों को भी इससे जोड़ने के लिए संपर्क किया गया है।

एक बार देना होगा व्यक्तिगत विवरण

कार्मिक मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, पोर्टल पर अभ्यर्थियों को केवल एक बार अपना वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा। इसमें मोबाइल नंबर, ई-मेल, आधार नंबर समेत अन्य व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके साथ फोटो और हस्ताक्षर भी एक ही बार अपलोड करने होंगे।

इसके बाद जब अभ्यर्थी पोर्टल पर उपलब्ध किसी सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करेगा तो रजिस्ट्रेशन के दौरान दर्ज की गई उसकी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो और हस्ताक्षर स्वत: आवेदन फार्म में प्रदर्शित हो जाएंगे। इससे अलग-अलग भर्ती एजेंसियों के आवेदन फार्म में बार-बार एक जैसी जानकारी भरने और दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत कम होगी।

आधार समेत जानकारी का होगा सत्यापन

पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली जानकारियों का संबंधित एजेंसियों के माध्यम से सत्यापन कराया जाएगा। आधार से जुड़ी जानकारी का प्रमाणीकरण भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) जैसी संबंधित एजेंसियों के माध्यम से किए जाने की योजना है। इससे आवेदन प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

एकीकृत परीक्षा कैलेंडर से टलेंगे तारीखों के टकराव

सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी अक्सर एक ही समय में कई भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन करते हैं। अलग-अलग भर्ती एजेंसियों की परीक्षाओं की तारीखें आपस में टकराने से उन्हें परेशानी होती है। प्रस्तावित पोर्टल पर एकीकृत और क्लैश-फ्री परीक्षा कैलेंडर उपलब्ध कराने की योजना है।

इसके लिए विभिन्न भर्ती एजेंसियों के साथ समन्वय कर परीक्षा की तारीखें तय की जाएंगी। पोर्टल पर परीक्षा स्थगित होने या उसकी तारीख में बदलाव होने की जानकारी भी नोटिफिकेशन के माध्यम से अभ्यर्थियों को दी जाएगी। इससे उम्मीदवार एक ही जगह अपनी सभी परीक्षाओं का कार्यक्रम और उनमें होने वाले बदलावों को ट्रैक कर सकेंगे।