अमेरिका ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ का रखा प्रस्ताव, ट्रंप की नई धमकी का देश पर क्या होगा असर?
अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25% शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया है, जो व्यापार समझौते पर 17% हो जाएगा। यह प्रस्ताव धारा-301 के तहत आया है, जिससे भारतीय निर्यातक चिंतित हैं, लेकिन सरकार बातचीत के लिए तैयार है।

ट्रंप प्रशासन का भारत पर 25% टैरिफ का प्रस्ताव (फाइल फोटो)
HighLights
अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25% शुल्क का प्रस्ताव किया।
व्यापार समझौते पर यह शुल्क 17% तक घट जाएगा।
भारतीय निर्यातक चिंतित, सरकार बातचीत के लिए तैयार।
राजीव कुमार, नई दिल्ली। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के कारण पारस्परिक शुल्क लगाने में असफल राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अब नई व्यवस्था के तहत भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। अमेरिका के व्यापार विभाग के मुताबिक भारत अगर अमेरिका के साथ व्यापार समझौता कर लेता है तो शुल्क की यह दर 17 प्रतिशत हो जाएगी।
भारत के साथ चीन, वियतनाम, मलेशिया, कंबोडिया, बांग्लादेश, यूरोपीय यूनियन, जापान समेत 14 देशों पर नई व्यवस्था के तहत शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया गया है। इन सभी देशों को भी भारत की तरह अमेरिका से व्यापार समझौता करने पर शुल्क में कमी का प्रस्ताव दिया गया है।
अमेरिका के प्रस्तावित आयात शुल्कों को लेकर भारतीय निर्यातकों में स्वाभाविक चिंता है। अभी भारत के पास अपना पक्ष रखने का समय है और द्विपक्षीय व्यापार समझौते के जरिये कम शुल्क की गुंजाइश भी बनी हुई है। निर्यातक समुदाय इस घटनाक्रम को संयम के साथ देख रहा है।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गनाइजेशंस (फियो) को विश्वास है कि भारत सरकार अमेरिका के साथ बातचीत में देश का पक्ष मजबूती से रखेगी और भारत व उसके निर्यातकों के हित में बेहतर से बेहतर समझौते की राह निकालेगी।
अमेरिकी बाजार में भारत के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी देश चीन को अमेरिका से व्यापार समझौता करने पर 20 प्रतिशत अन्यथा 40 प्रतिशत शुल्क देना होगा। व्यापार समझौता करने पर बांग्लादेश को 18 प्रतिशत अन्यथा 20 प्रतिशत, वियतनाम को व्यापार समझौता करने पर 20 और बिना व्यापार समझौते के 35 प्रतिशत तो कंबोडिया, मलेशिया व थाईलैंड को व्यापार समझौता करने पर 18 प्रतिशत शुल्क लगाने की पेशकश की गई है।
व्यापार समझौता नहीं करने पर इन तीनों देशों पर अमेरिकी बाजार में 25 प्रतिशत का शुल्क लगेगा। मुख्य रूप से ये देश ही अमेरिकी बाजार में भारत के प्रतिद्वंद्वी हैं जिन पर भारत से अधिक शुल्क लगाने का प्रस्ताव है। ऐसे में भारत अमेरिका से व्यापार समझौता कर लेता है तो भारत को अमेरिकी बाजार में इन देशों के मुकाबले बढ़त रहेगी।
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल भी इस बात को कई बार दोहरा चुके हैं कि अमेरिका के बाजार में भारत को प्रतिद्वंद्वी देशों के मुकाबले बढ़त मिलने पर ही भारत व्यापार समझौता कर सकता है। हालांकि बुधवार को अमेरिका के व्यापार विभाग की नई पेशकश के बाद भारत के वाणिज्य विभाग की तरफ से कोई भी आधिकारिक प्रतिक्रिया खबर लिखे जाने तक नहीं दी गई है।
सूत्रों का कहना है कि वाणिज्य विभाग अमेरिका के प्रस्ताव का विस्तृत अध्ययन करने के बाद ही कोई फैसला लेगा। अमेरिका ने दक्षिण कोरिया व यूरोपीय यूनियन को व्यापार समझौते पर 15 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। फियो के सीईओ एवं महानिदेशक अजय सहाय ने बताया कि बुधवार को अमेरिका की नई पेशकश को तुरंत लागू नहीं किया जा रहा है। सभी 14 देशों को इस पेशकश पर अपनी प्रतिक्रिया देने का समय दिया गया है और जनवरी तक इस पर वार्ता हो सकती है। तब तक के लिए व्यापार शुल्क की मौजूदा दर ही लागू रहेगी।
क्या है शुल्क की नई व्यवस्था या धारा-301?
नई व्यवस्था के तहत अमेरिका का कहना है कि ये 14 देश अपनी जरूरत से अधिक वस्तुओं का उत्पादन करते हैं और इस कारण अमेरिका का व्यापार प्रभावित हो रहा है। उसकी भरपाई के लिए अमेरिका के व्यापार नियम की धारा-301 के तहत राष्ट्रपति के पास यह अधिकार है कि किसी भी देश पर कितना भी शुल्क लगाया जा सकता है।
इस फैसले को अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट में भी चुनौती नहीं दी सकती। इससे पहले गत जुलाई में जबरन श्रम के नाम पर भारत व इन देशों पर 10 प्रतिशत का शुल्क लगाया गया था। धारा-301 से नार्वे और मैक्सिको को बाहर रखा गया है।
गौरतलब है कि पिछले साल अप्रैल में ट्रंप प्रशासन ने दुनिया के 50 से अधिक देशों पर पारस्परिक शुल्क लगाने की घोषणा की थी, लेकिन अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के फैसले को अवैध ठहरा दिया था। पारस्परिक शुल्क की आड़ में ट्रंप सभी देशों को एक निश्चित दर पर अमेरिका से व्यापार समझौता करने के लिए मजबूर करना चाहते थे। यह दांव नहीं चलने पर ट्रंप प्रशासन ने धारा-301 का सहारा लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।