विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आ रहा है चक्रवात 'अर्णव', ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी

Published: Mon, 26 Oct 2026 04:48 PM (IST)

बंगाल की खाड़ी में गहरे अवदाब से चक्रवात अर्णव का रूप ले चुका तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है।


HighLights

  1. चक्रवात अर्णव 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराएगा।

  2. ओडिशा में 27-28 अक्टूबर को भारी बारिश, तेज हवाएं संभव।

  3. मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया, पर्यटकों को सतर्कता।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में गहरे अवदाब ने चक्रवात का रूप ले लिया है। चक्रवात अर्णव के आज मध्यरात्रि तक भीषण चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है। वहीं, कल इसके अति भीषण चक्रवात का रूप लेने की आशंका है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि 28 अक्टूबर की सुबह चक्रवात के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है।

चक्रवात के तट से टकराने के समय हवा की गति 120 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। इस दौरान हवा के झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

ओडिशा के लिए 27 की रात और 28 की सुबह अहम

आईएमडी के महानिदेशक के अनुसार, ओडिशा के लिए 27 अक्टूबर की रात और 28 अक्टूबर की सुबह महत्वपूर्ण होगी। 27 अक्टूबर की शाम से राज्य के तटीय जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।

गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में हवा की अधिकतम गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

वहीं, 29 अक्टूबर को उत्तरी ओडिशा के कुछ जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है। इनमें संबलपुर, सुंदरगढ़, केन्दुझर और मयूरभंज जिले शामिल हैं।

समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका, मछुआरों को चेतावनी

चक्रवात के प्रभाव से समुद्र में एक से डेढ़ मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है। इसे देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सख्त चेतावनी दी गई है। शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।

आईएमडी के महानिदेशक ने पुरी और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। संभावित चक्रवात के मद्देनजर लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात अर्णव का खतरा: जगन्नाथ धाम की यात्रा का बना रहे हैं प्लान? अभी टालें सफर, चिल्का में नौकायन पर रोक

यह भी पढ़ें- स्कूल-कॉलेज बंद, NDRF-पुलिस के साथ मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी; 'अर्णव' के खतरे के बीच ओडिशा में हाई अलर्ट