विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खत्म हुआ ‘जगन्नाथ धाम’ विवाद: दीघा मंदिर का बदला आधिकारिक नाम, ओडिशा CM माझी ने शुभेंदु को जताया आभार

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:50 PM (GMT+05:30)

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी ने दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटाने के लिए पश्चिम बंगाल के शुभेंदु अधिकारी का आभार व्यक्त किया।

ओडिशा सीएम मोहन चरण माझी और पश्चिम बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी। (फोटो- पीटीआई)

ओडिशा सीएम मोहन चरण माझी और पश्चिम बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी। (फोटो- पीटीआई)

HighLights

  1. मोहन माझी ने दीघा मंदिर नाम बदलने पर आभार जताया।

  2. 'धाम' शब्द हटाने से धार्मिक भावनाओं का सम्मान।

  3. मंदिर अब 'श्री श्री जगन्नाथ मंदिर' कहलाएगा।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने के निर्णय के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होगा और पुरी स्थित 12वीं शताब्दी के ऐतिहासिक श्रीमंदिर की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान भी बरकरार रहेगी।

शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री माझी को लिखे पत्र में जानकारी दी है कि दीघा स्थित मंदिर का आधिकारिक नाम बदलकर अब ‘श्री श्री जगन्नाथ मंदिर’ कर दिया गया है।

वहीं, मंदिर परिसर को अब ‘श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र’ के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री माझी ने इससे पहले दीघा मंदिर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने का अनुरोध किया था।

पश्चिम बंगाल की पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने दीघा स्थित मंदिर परिसर का नाम ‘जगन्नाथ धाम’ रखा था। इस पर पुरी श्रीमंदिर प्रशासन ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद यह मामला विवाद का विषय बन गया था।

23 नवंबर को लिखे पत्र में अधिकारी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ और पुरी के प्रतिष्ठित जगन्नाथ धाम के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को लेकर मुख्यमंत्री माझी की ओर से व्यक्त भावनाओं का उन्होंने सम्मान किया है। इस विषय पर विचार करने के बाद दीघा मंदिर परिसर का नाम बदलने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने पत्र में कहा कि पूरे परिसर को अब ‘श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र’ और परिसर के भीतर स्थित मंदिर को ‘श्री श्री जगन्नाथ मंदिर’ के नाम से जाना जाएगा।

अधिकारी के अनुसार, नए नाम मंदिर की धार्मिक पवित्रता के साथ-साथ पूरे परिसर के व्यापक सांस्कृतिक स्वरूप को भी दर्शाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस फैसले का श्रद्धालु स्वागत करेंगे और इससे ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।

माझी ने कहा- श्रद्धालुओं की भावनाओं का हुआ सम्मान

मुख्यमंत्री माझी ने शुभेंदु अधिकारी का पत्र सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि दीघा मंदिर परिसर के लिए पवित्र नाम ‘जगन्नाथ धाम’ का इस्तेमाल करने के पहले के फैसले से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई थीं। इससे पुरी के श्रीक्षेत्र की विशिष्ट धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता की अनदेखी हुई थी।

उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी पूर्व घोषणा के बाद अब दीघा मंदिर परिसर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने के फैसले को आधिकारिक मंजूरी भी दे दी है।

माझी ने ओडिशा की जनता की ओर से शुभेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल सरकार का उनकी संवेदनशीलता तथा त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की भाजपा सरकारों के साझा प्रयास और सहयोग से यह निर्णय संभव हुआ है। यह सनातन परंपराओं और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के प्रति सम्मान को भी दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे तथा श्रीक्षेत्र की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान सुरक्षित रहेगी। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार ओड़िया अस्मिता और महाप्रभु श्री जगन्नाथ की महिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

श्रीमंदिर प्रशासन ने कराया है ट्रेडमार्क पंजीकरण

इस बीच, पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने 12वीं शताब्दी के श्रीमंदिर से जुड़े पवित्र शब्दों, उपाधियों और प्रतीकों पर ट्रेडमार्क अधिकार हासिल किए हैं। इसमें ‘श्री जगन्नाथ धाम’ भी शामिल है। इसका उद्देश्य इन पवित्र नामों और प्रतीकों के अनधिकृत व्यावसायिक एवं संस्थागत इस्तेमाल को रोकना है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के समुद्र तटीय शहर दीघा में स्थित यह मंदिर ओडिशा की सीमा के निकट है।

तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अप्रैल 2025 में इसका उद्घाटन किया था। करीब 20 एकड़ में फैले इस मंदिर परिसर के निर्माण पर लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

यह भी पढ़ें- ओडिशा का औद्योगिक हब बनने जा रहे रायगड़ा की कड़वी हकीकत, 467 गांव सड़क और 800 गांव मोबाइल नेटवर्क को तरसे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।