विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेगरी रोड्रिग्स की कमजोरी जानता हूं, इसका फायदा उठाऊंगा : एंथनी हर्नांडेज

Updated: Sat, 22 Aug 2026 10:58 PM (GMT+05:30)

यूएफसी मिडिलवेट फाइटर एंथनी हर्नांडेज कैलिफोर्निया में रविवार को ग्रेगरी रोड्रिग्स के विरुद्ध होने वाले मुकाबले में अपनी आक्रामक शैली के साथ उतरने के लिए तैयार हैं।

एंथनी हर्नांडेज

एंथनी हर्नांडेज

खेल संवाददाता, नई दिल्ली। यूएफसी मिडिलवेट फाइटर एंथनी हर्नांडेज कैलिफोर्निया में रविवार को ग्रेगरी रोड्रिग्स के विरुद्ध होने वाले मुकाबले में अपनी आक्रामक शैली के साथ उतरने के लिए तैयार हैं। फरवरी में नॉकआउट से मिली हार के बाद वापसी कर रहे हर्नांडेज ने साफ कहा कि उस हार ने उन्हें निराश करने के बजाय और ज्यादा प्रेरित किया है। इस फाइट का प्रसारण भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

यूएफसी फाइट नाइट के मुख्य मुकाबले में रोड्रिग्स की ताकत और आक्रामक अंदाज को लेकर पूछे गए सवाल पर हर्नांडेज ने कहा कि उनकी रणनीति हमेशा की तरह प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाने और उसे थकाने की होगी। उनका मानना है कि रोड्रिग्स की सबसे बड़ी कमजोरी उनका जल्दी थक जाना है और वह इसी का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
फरवरी की नॉकआउट हार के मानसिक असर के बारे में हर्नांडेज ने बेबाक अंदाज में कहा कि इससे उन्हें कोई अतिरिक्त दबाव महसूस नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि वह इस मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं और हार ने उनके अंदर वापसी की भूख बढ़ाई है।

अपने ट्रेनिंग कैंप में बदलाव के बारे में उन्होंने संक्षेप में कहा, "सब कुछ बदला है।" साथ ही उन्होंने बताया कि इस मुकाबले की रणनीति तय करने में वह अपने कोचों की सलाह पर पूरी तरह भरोसा कर रहे हैं। हर्नांडेज ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य सिर्फ जीत दर्ज करना नहीं है।

उन्होंने कहा, मैं हमेशा मुकाबला खत्म करने की तलाश में रहता हूं। प्रशंसक उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं, इस सवाल पर उनका जवाब भी उनके आक्रामक रवैये को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें हमेशा आगे बढ़ते हुए और मुकाबला खत्म करने की कोशिश करते हुए देखना चाहते हैं। रविवार को रोड्रिग्स के खिलाफ उनकी यही आक्रामक रणनीति एक बार फिर देखने को मिल सकती है।