विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BWF Championship 2026: गायत्री-त्रीसा ने चौथी सीड चीन की जोड़ी को हरा किया बड़ा उलटफेर, 15 साल बाद मेडल किया पक्का

Updated: Fri, 21 Aug 2026 03:16 PM (IST)

बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने चौथी सीड चीन की जोड़ी को मात देते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है और भारत के लिए मेडल पक्का कर दिया है।

त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने किया कमाल (PC- BWF)

त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने किया कमाल (PC- BWF)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शुक्रवार को यहां खेली जा रही बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में कमाल करते हुए चौथी सीड अपने से बेहतर जोड़ी चीन की जियी यी फान और झांग शू जियान को कड़े मुकाबले में हरा दिया। भारतीय जोड़ी ने चीन की जोड़ी को महिला डबल्स के क्वार्टर फाइनल में तीन गेम तक चले मुकाबले में 16-21, 21-15, 21-13 से मात दी।

पहला गेम हारने के बाद भारतीय जोड़ी ने दमदार वापसी की और लगातार दो गेम जीतते हुए मैच अपने नाम किया। इसी के साथ इस जोड़ी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में महिला डबल्स में 15 साल बाद भारत का मेडल पक्का कर दिया। इस जोड़ी से पहले साल 2011 में अश्विनी पोनप्पा और ज्वाला गुट्टा ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

दिखाई शानदार फॉर्म

कई सालों से भारत को महिला डबल्स में इस उपलब्धि का इंतजार था। त्रीसा और गायत्री ने इसकी कमी पूरी कर दी। दोनों ही खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में दमदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। राउंड-64, राउंड-32 और प्री क्वार्टर फाइनल में इस जोड़ी ने सीधे गेमों में जीत हासिल की थी। सभी मैच एक घंटे में हो गए थे, लेकिन चौथी सीड जोड़ी के सामने दम दिखाने की जरूरत थी जो भारतीय जोड़ी ने दिखाया।

ये मुकाबला भारतीय जोड़ी के लिए आसान नहीं था क्योंकि इससे पहले चीन की जोड़ी के खिलाफ जो तीन मुकाबले खेले गए थे उन सभी में भारतीय जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार भारतीय जोड़ी ने सारी कहानी पलट दी।

ऐसा रहा मैच

पहला गेम भारतीय जोड़ी के लिए अच्छा नहीं रहा। चीन की जोड़ी ने शुरुआत में ही 4-0 की बढ़त ले ली थी। इसके बाद उन्होंने अपनी बढ़त को बढ़ाते हुए 8-2 कर लिया। भारतीय जोड़ी ने किसी तरह स्कोरलाइन को कम करने की कोशिश की और स्कोर 8-9 कर लिया, लेकिन चीन की जोड़ी 11-8 से ब्रेक में जाने में सफल रही। इस अंत को उसने ब्रेक के बाद भी बनाए रखा और गेम जीत लिया।

दूसरे गेम से भारत ने बाजी पलट दी। चीन की जोड़ी ने शुरुआत बढ़त जरूर ली, लेकिन फिर भारतीय जोड़ी ने वापसी कर ली। चीन की जोड़ी एक समय 5-4 से आगे थी। ब्रेक में जाने से पहले भारतीय जोड़ी ने बढ़त बना ली। हालांकि, मुकाबला काफी कांटे का था। भारतीय जोड़ी 15-14 से आगे थी। यहां से फिर उसने चीन की जोड़ी को आगे आने का मौका नहीं दिया और गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया।

तीसरे गेम में सब कुछ दांव पर था भारतीय जोड़ी ने यहां चीन की जोड़ी को 21-13 से पटक मैच अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई और मेडल पक्का किया।

यह भी पढ़ें- पहचान की लड़ाई, स्पॉन्सरशिप के लिए संघर्ष; फिर भी विश्वस्तर पर लगातार आगे बढ़ रहा है अमेरिकन बैडमिंटन

यह भी पढ़ें- BWF Championship 2026: आयुष-सिंधू की हार के साथ खत्म हुईं मेडल की दो उम्मीदें, डबल्स में जीते भारतीय