विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Lausanne diamond league: नीरज-पथिरागे के बीच फिर होगी कड़ी टक्‍कर, फाइनल में जगह पक्‍की करना चाहेंगे चोपड़ा

Updated: Thu, 20 Aug 2026 09:42 PM (GMT+05:30)

नीरज चोपड़ा और रमेश पथिरागे लुसाने डायमंड लीग में एक बार फिर आमने-सामने होंगे। भारतीय जेवलिन थ्रोअर की कोशिश डायमंड लीग फाइनल में जगह बनाने की होगी।

नीरज चोपड़ा

नीरज चोपड़ा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

प्रेट्र, लुसाने। भारत के भाला फेंक के दिग्गज खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और श्रीलंका के उभरते सितारे रमेश पथिरागे शुक्रवार को लुसाने डायमंड लीग में फिर से आमने सामने होंगे, जिसमें भारतीय खिलाड़ी डायमंड लीग फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगा।

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पथिरागे ने स्वर्ण और चोपड़ा ने रजत पदक जीता था। इसके तीन सप्ताह बाद ये दोनों खिलाड़ी फिर से एक-दूसरे के विरुद्ध प्रतिस्पर्धा करेंगे। 23 वर्षीय पथिरागे इस सत्र में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं।

बेहतरीन फॉर्म में श्रीलंकाई एथलीट

उन्होंने दोहा और रोम डायमंड लीग में जीत हासिल करने के अलावा ग्लास्गो में 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक भी जीता है। जून में रोम में 92.62 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ उन्होंने 90 मीटर का प्रतिष्ठित आंकड़ा भी पार किया।

श्रीलंकाई खिलाड़ी ने इस सत्र में अब तक जिन नौ प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, उनमें से आठ में जीत हासिल की है। वह पहले ही डायमंड लीग फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।

फिटनेस से जूझ रहे चोपड़ा

दूसरी तरफ नीरज पिछले साल सितंबर से पीठ के निचले हिस्से की चोट से परेशान रहे हैं। इसके कारण उनकी वापसी दोहा में आयोजित डायमंड लीग तक टल गई थी। ग्लास्गो में वह पूरी तरह से फिट नहीं थे, लेकिन फिर भी 85.83 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे।

इस 28 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने राष्ट्रमंडल खेलों के बाद कहा था कि मैं यह नहीं कह सकता कि मेरी फिटनेस पहले जैसी है। लेकिन मैं धीरे-धीरे उसे हासिल करने की तरफ बढ़ रहा हूं। राष्ट्रमंडल खेलों के बाद नीरज स्विट्जरलैंड के बील चले गए थे, जहां वह अपने बचपन के कोच जयवीर चौधरी और फिजियो ईशान मारवाह के साथ अभ्यास कर रहे थे।

लीग की चमक कुछ फीकी पड़ी

मौजूदा विश्व चैंपियन अरशद नदीम और जर्मनी के यूरोपीय चैंपियन जूलियन वेबर के हटने से लुसाने डायमंड लीग की चमक कुछ फीकी पड़ गई है। नदीम 2024 के ओलिंपिक में 92.97 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने के बाद से संघर्ष कर रहे हैं। इस सत्र में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 78.63 मीटर रहा है। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में 77.41 मीटर के साथ नौवां स्थान हासिल किया था।

वेबर ने बर्मिंघम में यूरोपीय चैंपियनशिप में 90.40 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता था। त्रिनिदाद और टोबैगो के मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकाट और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स की मौजूदगी के कारण अब भी मुकाबला कड़ा है।

नीरज के लिए महत्‍वपूर्ण लुसाने डायमंड लीग

अमेरिका के विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता कर्टिस थाम्पसन और चेक गणराज्य के ओलिंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज भी इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले नौ खिलाड़ियों में शामिल हैं।

नीरज के लिए सत्र के आखिर में होने वाले डायमंड लीग फाइनल की रैंकिंग में ऊपर पहुंचने के लिए लुसाने में होने वाली प्रतियोगिता महत्वपूर्ण है। वह फिलहाल छह अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं। रैंकिंग में शीर्ष छह खिलाड़ी चार और पांच सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भाग लेंगे।

यह भी पढ़ें- भारतीय खेलों में क्रांति लाएंगे नीरज चोपड़ा और गोपीचंद! देश में कोचिंग व्यवस्था मजबूत करने के लिए की बड़ी शुरुआत

यह भी पढ़ें- 'फिर भारत का नाम रोशन किया...', कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर सीएम सैनी ने दी बधाई