आर प्रगनानंद ने सिंकफील्ड कप के सातवें दौर में फैबियानो कारुआना को बराबरी पर रोका
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद ने सिंकफील्ड कप के सातवें दौर में अमेरिका के फैबियानो कारुआना के विरुद्ध काले मोहरों से संघर्षपूर्ण ड्रॉ खेलकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
-1787111484266_m.webp)
आर प्रगनानंद
पीटीआई, सेंट लुइस (अमेरिका)। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद ने सिंकफील्ड कप के सातवें दौर में अमेरिका के फैबियानो कारुआना के विरुद्ध काले मोहरों से संघर्षपूर्ण ड्रॉ खेलकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इस परिणाम के बाद भारतीय खिलाड़ी चार अंकों के साथ कारुआना और फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
अमेरिका के वेस्ली सो 4.5 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। प्रगनानंद का यह परिणाम ग्रैंड चेस टूर के साल के अंत में होने वाले ग्रैंड फिनाले में जगह बनाने की उनकी संभावनाओं के लिए भी अहम है। इस टूर्नामेंट में अब केवल दो दौर बाकी हैं।
जर्मनी के विंसेंट कीमर, अमेरिका के लेवोन अरोनियन और सैमुअल सेवियन तथा विश्व चैंपियनशिप के दावेदार जावोखिर सिंदारोव 3.5-3.5 अंकों के साथ संयुक्त पांचवें स्थान पर हैं। नीदरलैंड्स के अनीश गिरी तीन अंकों के साथ नौवें स्थान पर हैं, जबकि उनके हमवतन जार्डन वान फोरेस्ट सबसे निचले स्थान पर हैं।
कारुआना ने भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन प्रगनानंद ने सटीक चालों से मुकाबले पर अपनी पकड़ कमजोर नहीं होने दी। यह मुकाबला 56 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। वेस्ली सो और गिरी के बीच खेली गयी बाजी भी ड्रॉ रही।
