पूर्व एशियन चैंपियन स्वप्ना बर्मन डोपिंग के मामले में निलंबित, हाल ही में लिया था संन्यास
स्वप्ना बर्मन को प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।

स्वप्ना बर्मन
HighLights
स्वप्ना बर्मन डोपिंग के मामले में निलंबित किया
स्वप्ना बर्मन ने एशियन गेम्स 2018 में जीता था गोल्ड
स्वप्ना बर्मन ने हाल ही में खेल से लिया था संन्यास
प्रेट्र, नई दिल्ली। एशियाई खेल 2018 की स्वर्ण पदक विजेता हेप्टाथलीट स्वप्ना बर्मन को प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
29 वर्षीय स्वप्ना प्रतिबंधित एनाबॉलिक-एंड्रोजेनिक स्टेरायड बोल्डेनान के सेवन के लिए पॉजिटिव पाई गई हैं। स्वप्ना का नाम नाडा की अस्थायी रूप से निलंबित खिलाड़ियों की हालिया सूची में शामिल है।
वह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय हेप्टाथलीट थीं। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियाड में शीर्ष स्थान हासिल कर यह उपलब्धि दर्ज की थी।
उन्होंने इसी महीने की शुरुआत में संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि चोटों से जूझता उनका शरीर अब प्रतियोगिताओं की कठिन चुनौतियों को सहन करने में सक्षम नहीं है। पूर्व एशियाई चैंपियन स्वप्ना ने 2016 के ओलिंपिक खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
