विशेन-बजरंग ने कुश्ती का बेड़ागर्क कर दिया, इनके कारण ओलंपिक में गंवाए छह पदक: संजय सिंह
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया पर जमकर भड़ास निकाली। विनेश और बजरंग शुक्रवार के दिन कांग्रेस पार्टी से जुड़े। संजय सिंह ने कहा कि इन दोनों एथलीट्स ने राजनीतिक महत्वकांक्षों के कारण कुश्ती का बेड़ागर्क कर दिया। सिंह ने साथ ही कहा कि इन दोनों पहलवानों के कारण भारत ने ओलंपिक में 6 मेडल गंवाए।
आईएएनएस, नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर हैरानी नहीं जताई। संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि विनेश और बजरंग ने अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षाओं के कारण कुश्ती का बेड़ागर्क कर दिया।
ओलंपिक वर्ष में कांग्रेस और इन दोनों पहलवानों ने देशद्रोह किया और इनके कारण ही हमने ओलंपिक में छह पदक गंवाए। देश को कांग्रेस समर्थित उनके प्रदर्शन के कारण भारी कीमत चुकानी पड़ी। विनेश और बजरंग देश के शीर्ष पहलवान थे, लेकिन अब उन्हें कांग्रेस के प्यादे के रूप में देखा जाएगा।
सिंह ने कहा कि भले ही विनेश और बजरंग ने शुक्रवार को अपनी राजनीतिक पारी की शुरू की, लेकिन उन्होंने इसकी तैयार लंबे समय से की थी। महिला पहलवानों के लिए उनका आंदोलन प्रेरित था और उसके पीछे कांग्रेस थी।
दीपेंद्र हुड्डा ने पूरे विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई। इनके इस प्रदर्शन के कारण कई अच्छे पहलवानों को बलिदान देना पड़ा और हम ओलंपिक में इनकी वजह से छह पदक हारे।
यह भी पढ़ें: Vinesh Phogat की कहानी: कुश्ती की मैट से राजनीतिक पारी तक, बेहद दिलचस्प और उतार-चढ़ाव भरा है विनेश का सफर
यह भी पढ़ें: विनेश फोगाट के राजनीतिक सफर की हुई शुरुआत, कांग्रेस ने 'ससुराल' से मैदान में उतारा