शुरुआती झटके के बाद उबरे लक्ष्य सेन, 45 मिनट में जीता मुकाबला; उन्नति हुड्डा और त्रिसा-गायत्री की जोड़ी भी चमकी
लक्ष्य सेन ने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में शुरुआती गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए अपना पहला मुकाबला 45 मिनट में जीता। इसके अलावा, युवा शटलर उन्नति हुड्डा और महिला डबल्स में त्रीसा-गायत्री की जोड़ी ने भी विजयी शुरुआत की।

लक्ष्य सेन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में सोमवार को आयुष शेट्टी के धमाकेदार पदार्पण के बाद मंगलवार को सभी की निगाहें एक और युवा स्टार लक्ष्य सेन पर थीं। शाम के समय जैसे ही लक्ष्य कोर्ट पर उतरे पूरा स्टेडियम जोश से भर गया, लेकिन अल्मोड़ा के इस खिलाड़ी की शुरुआत उम्मीद के अनुसार नहीं रही।
बुल्गारियाई प्रतिद्वंद्वी कालिंस वैलेंटाइन के विरुद्ध उन्हें पहला गेम 16-21 से हार गए और सभी की धड़कनें तेज हो गईं कि आज वह उलटफेर का शिकार न हो जाएं, लेकिन लक्ष्य ने शानदार वापसी करते हुए अगले दो गेम एकतरफा अंदाज में 21-8 और 21-4 से अपने नाम करते हुए सभी दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया। लक्ष्य ने केवल 45 मिनट में मुकाबला समाप्त कर दिया।
फिलिमोन ने शुरुआत में लक्ष्य सेन पर बनाया दबाव
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में पुरुष सिंगल्स के पहले दौर में 25 वर्षीय लक्ष्य को पहले गेम में कम रैंकिंग वाले फिलिमोन ने शुरुआत से ही खुलकर खेलने नहीं दिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच स्कोर बराबरी पर चलता रहा, लेकिन इसके बाद लक्ष्य की गलतियों का सिलसिला शुरू हुआ। खराब शॉट और अनफोर्स्ड एरर के कारण वह लगातार छह अंक गंवा बैठे और 12-17 से पिछड़ गए।
लक्ष्य ने वापसी की कोशिश की, लेकिन फिलिमोन ने धैर्य नहीं खोया। उन्होंने शटल को कोर्ट के अंदर रखने पर जोर दिया और लक्ष्य से गलतियां करवाते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया। लेकिन इसके बाद कोर्ट पर बिल्कुल अलग अंदाज वाला लक्ष्य नजर आया। दूसरे गेम में एक समय दोनों खिलाड़ी 7-7 की बराबरी पर थे, तभी लक्ष्य ने अपने आक्रामक खेल की रफ्तार बढ़ा दी। उन्होंने 11-8 की बढ़त हासिल की और इसके बाद तो फिलिमोन के पास भारतीय खिलाड़ी के हमलों का कोई जवाब नहीं था।
लक्ष्य ने लगातार 10 अंक जीतकर दूसरा गेम 21-8 से अपने नाम कर लिया। निर्णायक गेम में लक्ष्य ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। उनके तेज स्मैश और आक्रामक रिटर्न के सामने फिलिमोन लगातार दबाव में नजर आए। लक्ष्य ने देखते ही देखते 15-1 की बड़ी बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने कोई मौका नहीं दिया और तीसरा गेम 21-4 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहले गेम में छह लगातार अंक गंवाने वाला भारतीय खिलाड़ी अगले दो गेम में सिर्फ 12 अंक देकर मुकाबला जीत गया।
मैच में जीत के बाद लक्ष्य सेन का बयान
मैच के बाद लक्ष्य ने कहा, पहले गेम में मैं काफी शॉट्स खेल रहा था और काफी ड्राइव कर रहा था। जब मैं ड्राइव खेल रहा था तो ज्यादा प्वाइंट नहीं आ रहे थे क्योंकि वैलेंटाइन काफी लंबा है। लेकिन दूसरे गेम में मैंने उसे ड्रिफ्ट्स और रैली में उलझाया। इसके बाद मैं खुलकर अपना गेम खेल पाया। इसके साथ ही स्टेडियम में थोड़ी हवा भी चल रही थी और यह मेरा पहला मैच था तो मैंने यह अपेक्षा नहीं की थी। इस वजह से पहले गेम में मुझे थोड़ी दिक्कत हो रही थी। अब दूसरे दौर में लक्ष्य सेन का सामना अमेरिका के गैरेट टैन से होगा। गैरेट ने अपने पहले मुकाबले में स्विट्जरलैंड के टोबियास कुएंसी को 21-4, 21-15 से हराया है।
उन्नति की विजयी शुरुआत, 38 मिनट में जीतीं त्रिसा-गायत्री
भारत की युवा शटलर उन्नति हुड्डा ने मंगलवार को विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीत के साथ पदार्पण किया। उन्नति ने म्यांमार की थेट ह्तार थुजार को सीधे गेम में 22-20, 21-16 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। मुकाबला करीब से चला, लेकिन अहम मौकों पर उन्नति ने धैर्य बनाए रखा और आक्रामक खेल के दम पर जीत हासिल की। महिला डबल्स में त्रीसा जाली और गायत्री गोपीचंद ने 16वीं वरीय अमेरिकी जोड़ी लारेन लैम और एलिसन क्विन्ह ली को सीधे गेम में 21-15, 21-12 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
भारतीय जोड़ी ने केवल 38 मिनट में मुकाबला खत्म किया। हालांकि कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी को बुल्गारिया की नौवीं वरीय गैब्रिएला और स्टेफानी स्टोएवा से 7-21, 14-21 से हार मिली। मिक्स्ड डबल्स में रोहन कपूर-रुत्विका शिवानी गड्डे कनाडा के जोनाथन लाई और क्रिस्टल लाई से 22-20, 19-21, 17-21 से हार गए। वहीं अशिथ सूर्य-अमृता प्रमुथेश को तुर्किये के एमरे सोनमेज और यासेमेन बेक्टास ने 21-16, 29-30, 22-24 से हराया।
