विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप: पीवी सिंधू और आयुष शेट्टी का धमाकेदार प्रदर्शन, लक्ष्य सेन और उन्नति हुड्डा बाहर
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारत के लिए मिश्रित परिणाम रहे, जहाँ पीवी सिंधू और आयुष शेट्टी ने अंतिम-16 में जगह बनाई। वहीं, लक्ष्य सेन और उन्नति हुड्डा को हार का सामना करना पड़ा, जबकि सात्विक-चिराग की जोड़ी को वॉकओवर मिला।

आयुष शेट्टी-पीवी सिंधू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में बुधवार के दिन भारतीय प्रशंसकों को खुशी भी मिली और निराशा भी। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चैंपियनशिप में अपना रिकॉर्ड छठा पदक जीतने की कोशिशों में जुटी दो बार की ओलंपिक चैंपियन पीवी सिंधू और पहले दौर में विश्व नंबर एक शी यू की को हराने वाले आयुष शेट्टी ने शानदार जीत के साथ अंतिम-16 में जगह बनाकर प्रशंसकों को झूमने का मौका दिया था तो लक्ष्य सेन व उन्नति हुड्डा के हारने से घरेलू दर्शकों को बड़ा झटका भी लगा।
दिन की सबसे आसान जीतों में से एक आयुष शेट्टी के नाम रही। पुरुष सिंगल्स के दूसरे दौर में इस युवा भारतीय ने श्रीलंका के दुमिंदु अबेविक्रमा को सिर्फ 26 मिनट में 21-8, 21-10 से हरा दिया। एशियाई चैंपियनशिप में अपने प्रदर्शन से पहले ही सुर्खियां बटोर चुके आयुष ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बना ली। उनके तेज स्मैश और आक्रामक खेल के सामने श्रीलंकाई खिलाड़ी लगातार दबाव में रहे। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका सामना इंडोनेशिया के 11वीं वरीयता प्राप्त अल्वी फरहान से होगा।
सिंधू का अनुभव फिर आया काम
नौवीं वरीयता प्राप्त पीवी सिंधू ने महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में कनाडा की झांग वेन यू को 21-16, 21-17 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई। सिंधू ने शुरुआत से ही अपने अनुभव का फायदा उठाया और महत्वपूर्ण मौकों पर अंक जुटाकर मुकाबला अपने पक्ष में किया। अब उनके सामने तीसरी वरीयता प्राप्त चीन की वांग झी यी होंगी। वांग ने मलेशिया की करुआओथेवन लेत्शाना को 21-16, 21-9 से हराया।
लक्ष्य ने दी पूरी टक्कर, फिर भी हार
भारत के स्टार पुरुष खिलाड़ी लक्ष्य सेन का अभियान हालांकि दूसरे दौर में ही खत्म हो गया। 14वीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य को अमेरिका के 18 साल के गैरेट टैन ने एक घंटे 13 मिनट चले रोमांचक मुकाबले में 19-21, 21-19, 21-17 से हराया। लक्ष्य ने पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन टैन ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की। अमेरिकी खिलाड़ी के तेज और ताकतवर स्मैश ने लक्ष्य को लगातार दबाव में रखा।
लक्ष्य ने दूसरे गेम में चार गेम प्वाइंट बचाए, लेकिन गेम अपने नाम नहीं कर सके। निर्णायक गेम में टैन ने 11-4 की बढ़त बना ली। लक्ष्य ने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए स्कोर 16-17 कर दिया। यहां भारतीय खिलाड़ी के कुछ शाट बाहर चले गए और टैन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
उन्नति के हाथ से फिसली जीत
युवा भारतीय उन्नति हुड्डा भी जीत के बेहद करीब पहुंचकर हार गईं। विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण कर रही उन्नति ने कनाडा की 13वीं वरीय मिशेल ली को कड़ी चुनौती दी, लेकिन 11-21, 21-9, 23-21 से मुकाबला गंवा बैठीं। सबसे ज्यादा दर्द इस हार का इसलिए रहा क्योंकि उन्नति निर्णायक गेम में दो मैच प्वाइंट हासिल करने में सफल रही थीं। लेकिन दोनों मौकों पर उनके पुश शॉट साइडलाइन से बाहर चले गए। मिशेल ली ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और डाउन-द-लाइन स्मैश लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया।
वॉकओवर के साथ सात्विक-चिराग अंतिम-16 में
भारत की स्टार पुरुष डबल्स जोड़ी को कोर्ट पर देखने का प्रशंसकों का इंतजार बुधवार को भी जारी रहा। पहले दौर में बाई मिलने के बाद बुधवार को स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डैन और एडम प्रिंगल के मुकाबले से हटने के कारण भारतीय जोड़ी को वॉकओवर मिल गया और उसने अंतिम 16 में जगह बना ली। इस तरह विश्व चैंपियनशिप के तीसरे दिन भारत को सिंधु और आयुष की शानदार जीत, सात्विक-चिराग का वाकओवर और लक्ष्य-उन्नति की करीबी हार सब कुछ देखने को मिला। अब निगाहें आयुष और सिंधू पर होंगी, जहां दोनों के सामने अगले दौर में बड़ी चुनौतियां खड़ी हैं।
