'भ्रष्टाचार की फाइलें खोलने के लिए क्या ज्योतिषी का इंतजार कर रहे हैं', उदयनिधि स्टालिन का सीएम विजय पर तंज
तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय को पूर्व DMK सरकार के भ्रष्टाचार से जुड़ी फाइलें तुरंत सार्वजनिक करने की चुनौती दी।
-1787297018452_m.webp)
तमिलनाडु विधानसभा उदयनिधि ने CM विजय पर कसा तंज (फाइल फोटो- PTI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा में भ्रष्टाचार की फाइलों को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सीएम विजय पर तीखा हमला बोला है। उदयनिधि ने सीएम विजय को चुनौती दी कि वे पूर्व डीएमके सरकार से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की फाइलों को सार्वजनिक करें और यदि कोई गलत काम का सबूत हो तो कार्रवाई करें।
उदयनिधि ने यह भी पूछा कि क्या मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार का सबूत सामने लाने के लिए अपने 'ज्योतिषी द्वारा तारीख तय करने का इंतजार' कर रहे हैं?
दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा में बहस के दौरान विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सीएम विजय के उस पुराने बयान का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह "उचित समय पर पूर्व डीएमके शासन के भ्रष्टाचार संबंधी फाइलों का खुलासा करेंगे"।
उदयनिधि ने सीएम विजय के दृष्टिकोण की आलोचना करते हुए कहा कि विधानसभा सिनेमाई बयानबाजी का स्थान नहीं है। असेंबली में सिनेमा की तरह पंच डायलॉग मत बोलो।
मुख्यमंत्री हिचकिचा क्यों रहे हैं?
उदयनिधि ने निष्कर्षों को सार्वजनिक करने में हुई देरी पर सवाल उठाते हुए सुझाव दिया कि सरकार के पास अपने आरोपों का समर्थन करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे। "मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे फाइलों को तुरंत खोलें और भ्रष्टाचार के पुख्ता सबूत होने पर कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री फाइलों को जारी करने में हिचकिचा क्यों रहे हैं? क्या वे अपने ज्योतिषी द्वारा तारीख तय करने का इंतजार कर रहे हैं?"
हालांकि, सीएम विजय ने सदन में उदयनिधि की टिप्पणियों का सीधे तौर पर जवाब नहीं दिया, लेकिन राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री ने सरकार का बचाव करने के लिए हस्तक्षेप किया। मंत्री ने कहा कि विजय पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध हैं औरभ्रष्टाचार की फाइलों को उचित समय पर सार्वजनिक करेंगे।
सीएम विजय ने क्या कहा था?
गौरतलब है कि बीते बुधवार को सीएम विजय ने कहा था कि उनके पास तीन सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार से संबंधित फाइलें हैं और उन्होंने डीएमके के पूर्व मंत्रियों और विधायकों को चेतावनी दी थी कि वे उन्हें फाइलें खोलने के लिए मजबूर न करें। विजय ने कहा कि वह उचित समय पर इन निष्कर्षों को सार्वजनिक करेंगे। जिसके बाद विपक्ष के नेता उदनिधि स्टालिन ने इन फाइलों को सार्वजनिक करने की मांग की है।
