केरल में पहली बार जेल के भीतर भाजपा पार्षद ने ली पद की शपथ
केरल में पहली बार एक निर्वाचित भाजपा पार्षद सुगाथन आर. ने केंद्रीय जेल के भीतर पद की शपथ ली। यह शपथ केरल हाई कोर्ट की अनुमति से त्रिशूर की विय्यूर केंद्रीय जेल में महापौर की उपस्थिति में हुई, जबकि एलडीएफ ने इसका विरोध किया।

वाझोट्टुकोणम वार्ड से निर्वाचित सुगाथन आर।
HighLights
केरल में पहली बार जेल के अंदर भाजपा पार्षद ने शपथ ली।
हाई कोर्ट की अनुमति से सुगाथन आर. ने पद की शपथ ली।
एलडीएफ ने जेल में शपथ ग्रहण का कड़ा विरोध प्रदर्शन किया।
डिजिटल डेस्क, तिरुअनंतपुरम। केरल में पहली बार हिरासत में बंद एक निर्वाचित भाजपा पार्षद ने केंद्रीय जेल के भीतर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। तिरुअनंतपुरम नगर निगम के वाझोट्टुकोणम वार्ड से निर्वाचित सुगाथन आर. ने केरल हाई कोर्ट की अनुमति के बाद मंगलवार को त्रिशूर स्थित विय्यूर केंद्रीय जेल के पुस्तकालय में महापौर वीवी राजेश की मौजूदगी में ईश्वर के नाम पर शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर राजेश ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश का पूरी तरह पालन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि केरल असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (कापा) के तहत हिरासत में होने के कारण सुगाथन अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पाते हैं, तो उनके वार्ड से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी महापौर कार्यालय संभालेगा।
सुगाथन के शपथ ग्रहण का एलडीएफ ने विरोध किया और नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पिछले महीने हाई कोर्ट ने तिरुअनंतपुरम नगर निगम के 20 भाजपा पार्षदों को दोबारा शपथ लेने का निर्देश दिया था, क्योंकि पहले दिलाई गई शपथ कानूनी प्रारूप के अनुरूप नहीं थी।
