शंभू बॉर्डर ब्लास्ट: आतंकी जगरूप सिंह के घर NIA की छापेमारी, परिवार से 40 मिनट की पूछताछ
शंभू बॉर्डर रेल लाइन धमाके में मारे गए खालिस्तानी आतंकी जगरूप सिंह के तरनतारन स्थित घर पर एनआईए की टीम ने छापा मारा।

आतंकी जगरूप के परिवार से एनआईए की टीम ने 40 मिनट की पूछताछ।
HighLights
एनआईए ने शंभू बॉर्डर ब्लास्ट के आतंकी जगरूप के घर छापा मारा
परिवार से 40 मिनट पूछताछ कर बैंक संबंधी दस्तावेज जब्त किए
रेल लाइन धमाके के तार मलेशिया और पाकिस्तान से जुड़े हैं
जागरण संवाददाता, तरनतारन। 27 अप्रैल की रात को शंभू बॉर्डर के पास रेल लाइन पर हुए धमाके में मरने वाले खालिस्तानी आतंकी जगरूप सिंह के घर वीरवार को एनआईए की टीम पहुंची।
तरनतारन जिले के गांव पंजवड़ निवासी जगरूप सिंह की धमाके के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद उसके भाई व तीन अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई करके गिरफ्तारी की थी। बाद में यह मामला एनआईए के पास पहुंचा था।
एसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में एनआईए की टीम ने जगरूप सिंह के चाचा के घर करीब 40 मिनट तक परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
बता दें कि उक्त धमाके के तार मलेशिया व पाकिस्तान से जुड़े पाए गए थे। गांव पंजवड़ में आटा चक्की चलाते हुए निहंग जगरूप सिंह आतंकी वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाता रहता था।
एनआईए की टीम ने परिवार के करीब आठ लोगों से पूछताछ की। बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज भी कब्जे में लिए। चल रही जांच के मुताबिक निहंग जगरूप सिंह ने उक्त कार्य में अपने भाई को भी जोड़ रखा था।
जबकि गोइंदवाल बाइपास पर फ्रूट का कारोबार करने वाले उसके रिश्तेदार भी पुलिस के हत्थे चढ़े थे। वीरवार सुबह साढ़े सात बजे एनआईए की टीम गांव पंजवड़ पहुंची। हालांकि स्थानीय पुलिस को न तो एनआईए ने सूचित किया व न ही परिवार से पूछताछ दौरान स्थानीय पुलिस को पास आने दिया।
