पंजाब के बरनाला में सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग करने वाले शूटर्स का एनकाउंटर, एक बदमाश के पैर में लगी गोली; कई गिरफ्तार
बरनाला पुलिस ने गायक गुलाब सिंह सिद्धू के घर पर हुई फायरिंग के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें
HighLights
गायक गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग मामले में गिरफ्तारी
पुलिस मुठभेड़ में एक शूटर को पैर में लगी गोली
आरोपियों के विदेशी आपराधिक तत्वों से जुड़े तार
हेमंत राजू, बरनाला। पंजाबी गायक गुलाब सिंह सिद्धू के गांव फरवाही स्थित रिहायश के बाहर फायरिंग करने के मामले में बरनाला पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
यह जानकारी डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चाहल, एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलाम, एसपीडी संजीव गाेयल व अन्य पुलिस कर्मचारियों ने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान बरनाला में प्रेस नोट जारी कर दी।
पुलिस के अनुसार, 12/13 सितंबर 2026 की दरमियानी रात गायक की रिहायश के मेन गेट पर मोटरसाइकिल सवारों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस संबंध में थाना सदर बरनाला में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए बरनाला पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की।
चार आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से एक अर्टिगा कार (पीबी-11 डीसी 6753), एक 32 बोर पिस्तौल व दो कारतूस व एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में गुरविंदर सिंह उर्फ शक्तिमान निवासी गागा संगरूर, गुरप्रीत सिंह उर्फ बाबा निवासी लहरागागा जिला संगरूर, रमनदीप सिंह निवासी संगरूर, गौरव शर्मा निवासी लहरा निवासी, गुरविंदर सिंह उर्फ लुधर निवासी जिला संगरूर, गुरप्यार सिंह निवासी संगरूर, अमृतपाल सिंह उर्फ उर्फ अंबरी, सनी निवासी संगरूर को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर किया गया है। जबकि एक नामजद की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर के पास चोरी करने घुसे चोर, सुरक्षाकर्मी ने चलाई गोली, एक घायल
आरोपियों ने भागने की कोशिश की
आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू की। डीआईजी कुलदीप सिंह चाहल के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमें आरोपितों को ट्रेस करने के लिए कार्रवाई कर रही थीं।
इस दौरान एक बिना नंबर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने भागने की कोशिश की और पीछे बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक व्यक्ति की टांग में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर व उसके साथी की पहचान हुई।
पुलिस का कहना है कि आरोपितों के संबंध विदेश में बैठे आपराधिक तत्वों से भी सामने आए हैं और वे किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
इसी तहत पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार उक्त आरोपित गुरविंदर सिंह पर पहले से विभिन्न थानों में पांच मामले दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और हथियारों के संबंध में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
