टाईसिटी में अगले तीन दिन शीतलहर बढ़ाएगी ठंड, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट किया जारी, लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह
चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में ठंड बढ़ रही है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। शहर का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री ...और पढ़ें

न्यूनतम तापमान में आई गिरावट ने सुबह के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम कर दी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला (ट्राईसिटी) में ठंड लगातार तेज होती जा रही है। पिछले कुछ दिनों से चल रही उत्तरी हवाओं ने तापमान को सामान्य से नीचे धकेल दिया है, जिसके चलते सुबह और देररात कंपकंपी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने तीन दिन के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 8.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 1.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान में आई इस अचानक गिरावट ने सुबह के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम कर दी। वहीं, रात के समय खुली जगहों पर ठिठुरन का प्रभाव साफ महसूस किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है। विभाग ने खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सर्द हवाओं के चलते सुबह-सुबह कई इलाकों में हल्की धुंध भी दर्ज की गई, जिससे दृश्यता में थोड़ी कमी आई। हालांकि फिलहाल कोहरे का गहरा असर नहीं दिखा, लेकिन तापमान में और गिरावट के साथ कोहरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग सुबह और शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग करें, खासकर सिर, कान और पैरों को ढककर रखें। ठंड के साथ बढ़ने वाली बीमारियां।जैसे वायरल संक्रमण और जोड़ों के दर्द से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और संतुलित आहार लेने की अपील की गई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।