विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई के लिए Z+ सुरक्षा की मांग, परिवार ने अमित शाह से मांगा मिलने का समय

Published: Fri, 23 Oct 2026 12:03 PM (GMT+05:30)

वकील वासु रंजन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार, खासकर उनके नाबालिग भाई के लिए जेड प्लस सुरक्षा की मांग की है।

सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई के लिए Z+ सुरक्षा की मांग (जागरण फोटो)

सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई के लिए Z+ सुरक्षा की मांग (जागरण फोटो)

HighLights

  1. वकील ने मूसेवाला परिवार के लिए जेड प्लस सुरक्षा मांगी।

  2. नाबालिग भाई को गैंगस्टरों से खतरे की आशंका जताई गई।

  3. गृह मंत्री अमित शाह से मिलने का समय मांगा गया।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार की सुरक्षा बढ़ाने और उनके छोटे भाई को विशेष सुरक्षा मुहैया कराने की मांग उठी है।

सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के वकील तथा काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन वासु रंजन ने केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर मूसेवाला के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर सहित उनके नाबालिग बेटे को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का अनुरोध किया है। उन्होंने परिवार पर गैंगस्टरों के हमले की आशंका जताते हुए खुफिया एजेंसियों से तत्काल खतरे का आकलन कराने की मांग भी की है।

केंद्रीय गृह मंत्री को भेजे गए पत्र में वासु रंजन ने कहा कि 29 मई 2022 को गैंगस्टरों ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी थी। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो देखा, जिसमें कथित तौर पर मूसेवाला के नाबालिग छोटे भाई को कनाडा में एक मंच पर देखा गया।

परिवार को बनाया जा सकता है निशाना

वकील के अनुसार, बच्चे के हाव-भाव और अंदाज उन्हें सिद्धू मूसेवाला की याद दिलाते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मूसेवाला की विरासत से जुड़ी बढ़ती सार्वजनिक पहचान के कारण गैंगस्टर या आपराधिक तत्व बच्चे अथवा उसके परिवार को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

वासु रंजन ने पत्र में इस आशंका को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एहतियाती कदम उठाने की जरूरत बताई है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया कि सक्षम सुरक्षा एजेंसियों के आकलन के आधार पर परिवार को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने पर विचार किया जाए।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस का ‘लानत पत्र’, बेअदबी-नशा और किसानों के मुद्दे पर उठाए सवाल

परिवार को मिले तत्काल सुरक्षा

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित सशस्त्र कमांडो, करीबी सुरक्षा कर्मियों, सुरक्षा जैमर, अग्रिम सुरक्षा प्रबंध और अंतरराज्यीय सुरक्षा समन्वय को शामिल करने का अनुरोध किया है। साथ ही, परिवार की विदेश यात्राओं के दौरान भी स्थायी सुरक्षा समन्वय सुनिश्चित करने की मांग की है।

पत्र में वासु रंजन ने कहा कि बच्चे का जीवन अनमोल है और परिवार को दोबारा किसी त्रासदी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से इस मामले में व्यक्तिगत मुलाकात के लिए जल्द समय देने का अनुरोध भी किया है, ताकि वह परिवार की सुरक्षा को लेकर अपनी आशंकाएं और चिंताएं सीधे उनके सामने रख सकें।

उन्होंने गृह मंत्रालय से इंटेलिजेंस ब्यूरो और संबंधित अधिकारियों को तत्काल खतरे का आकलन करने तथा उचित निवारक कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की है। पत्र की एक प्रति इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक को भी भेजी गई है।

हालांकि, पत्र में गैंगस्टरों की ओर से किसी विशिष्ट धमकी या हमले की पुष्टि का उल्लेख नहीं है। इसमें वकील ने संभावित खतरे की आशंका जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और एहतियाती कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस का ‘लानत पत्र’, बेअदबी-नशा और किसानों के मुद्दे पर उठाए सवाल