विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहगढ़ साहिब में दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर बस और ट्रक की भिड़ंत, एक की मौत; 15 से अधिक घायल

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:44 PM (IST)

फतेहगढ़ साहिब में दिल्ली अमृतसर नेशनल हाईवे पर बस और ट्रक की जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

HighLights

  1. दिल्ली-अमृतसर हाईवे पर बस-ट्रक की जोरदार टक्कर हुई।

  2. हादसे में एक श्रद्धालु की मौत, 15 लोग घायल हुए।

  3. पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया, फरार ट्रक चालक की तलाश।

जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाइवे पर बुधवार दोपहर सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच श्रद्धालुओं से भरी एक बस और ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में अमृतसर जिले के एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृतसर के जंडियाला गुरु क्षेत्र के गांव धरड़ और आसपास के चार से पांच अन्य गांवों की करीब 50 लोगों की संगत सोमवार, 23 नवंबर को हरियाणा के करनाल स्थित सत करतार गुरुद्वारा साहिब में गुरुपर्व मनाने के लिए गई थी। इस जत्थे में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। बुधवार, 25 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे सभी श्रद्धालु एक निजी बस में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।

यह भी पढ़ें- होशियारपुर: शिकार की तलाश में सोनालिका ट्रैक्टर प्लांट में दाखिल हुआ तेंदुआ, वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी

accident bus truck

एक्सीडेंट के बाद खड़ा ट्रक।

तुरंत बचाव कार्य किया शुरू

दोपहर करीब 12 बजे जब बस दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाइवे पर सरहिंद और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच पहुंची, तो अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का ड्राइवर साइड वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं अनियंत्रित होकर ट्रक हाइवे के डिवाइडर के ऊपर चढ़कर फंस गया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) और थाना सरहिंद की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शुभम अग्रवाल, एसपी (डी) अमनदीप सिंह बराड़ और डीएसपी गुरदीप सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से मंडी गोबिंदगढ़ और फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

यह भी पढ़ें- भाजपा-अकाली गठबंधन के बाद पंजाब में कांग्रेस भी कर सकती है गठजोड़, परगट सिंह ने दिए संकेत; हाईकमान लेगा फैसला

गंभीर घायल पीजीआई रेफर

अस्पताल में डॉक्टरों ने गांव धरड़ निवासी 60 वर्षीय दिलबाग सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 15 घायलों में से 5 की हालत बेहद नाजुक देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया गया है। फतेहगढ़ साहिब सिविल अस्पताल से 6 वर्षीय मासूम इंदरपाल सिंह और उसके पिता 30 वर्षीय हरजीत सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है, जबकि मंडी गोबिंदगढ़ अस्पताल से भी एक गंभीर घायल को पीजीआई रेफर किया गया है।

इसके अलावा 62 वर्षीय करतार कौर को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल और 65 वर्षीय सतनाम सिंह को चंडीगढ़ सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के कारण नेशनल हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस अधिकारियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और डिवाइडर पर फंसे ट्रक को हटवाया, जिसके बाद करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाइवे पर यातायात सुचारू हो सका।

एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि सभी घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। बस में सवार अन्य सुरक्षित श्रद्धालुओं, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे हैं, को पुलिस वाहनों के माध्यम से पहले नजदीकी गुरुद्वारा साहिब पहुंचाया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा इन सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गांवों तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

अन्य घायलों के नाम

  • दलीप सिंह पुत्र सतनाम सिंह 65 वर्ष गांव सुल्तानविंड
  • सुरमेल सिंह पुत्र सुरजीत सिंह 52 वर्ष गांव घा
  • मंजीत कौर पुत्री बलबीर सिंह 30 वर्ष खेराबाद
  • राजिंदर सिंह पुत्र संसार सिंह 50 वर्ष अमृतसर
  • गुरिंदर सिंह पत्नी गुरचरण सिंह 46 वर्ष वेरका अमृतसर
  • गुररहमत कौर पुत्री सुरमेल सिंह 22 वर्ष घारड़
  • गुरमीत कौर पत्नी बलबीर सिंह 60 वर्ष खेराबाद
  • मंजीत कौर पत्नी प्यारा सिंह 60 वर्ष मियाविंड
  • मंगल सिंह पुत्र कुलवंत सिंह 65 वर्ष राणा कलां

यह भी पढ़ें- अकाली दल और भाजपा गठबंधन के बाद बठिंडा जिले में सीटों के बंटवारे पर फंसा पेंच, चुनावी आंकड़ों से समझें समीकरण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।