तमाशा देखते लोग और 'अंधी' बनी रही पुलिस, नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता और उसकी मां को सड़क पर घसीटा; पत्थरों से किया हमला
Punjab Crime News लुधियाना के अंतर्गत फिरोजपुर रोड पर दुष्कर्म पीड़िता और उसकी मा के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार लोगों का तो दूर पुलिस भी मूक बनकर देखती रही। लोग तमाशा देखते रहे और आरोपी बदसलूकी करते रहे। समाजसेवी सोनू ने कहा कि दुष्कर्म पीड़ित किशोरी का परिवार इंसाफ के लिए भटक रहा है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। Punjab News: फिरोजपुर रोड पर स्थित पुलिस कमिश्नर (सीपी) ऑफिस से मात्र 50 मीटर की दूरी पर धरने पर बैठी दुष्कर्म पीड़िता किशोरी और उसकी मां पर कुछ महिलाओं ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों को सड़क के बीच घसीट कर जमकर पीटा।
इस दौरान पुलिस बीच-बचाव करने के बजाय देखती रही। सड़क के बीच महिलाओं द्वारा मारपीट करने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ लोगों ने हमला करने वाली महिलाओं को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। जबकि, कुछ लोग वीडियो बनाते रहे। थाना डिवीजन पांच की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाबालिग ने दिया मृत बच्ची को जन्म
समाजसेवी सोनू ने कहा कि दुष्कर्म पीड़ित किशोरी का परिवार इंसाफ के लिए भटक रहा है। दुष्कर्म पीड़िता 13 वर्षीय किशोरी ने हाईकोर्ट के आदेश पर मृत बच्ची को जन्म दिया था। सोनू ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपित अभी भी फरार चल रहे हैं।
आरोप है कि आरोपितों को बचाने में राजनीतिक पार्टी के वरिष्ठ नेता उनकी मदद कर रहे हैं। उधर, रेप पीड़ित किशोरी और उसकी मां का कहना कि वह सीपी ऑफिस के बाहर इंसाफ के लिए धरना दे रही हैं।
शाम को अचानक कुछ महिलाओं ने आकर मारपीट करनी शुरू कर दी। उन्हें नहीं पता की हमला करने वाली महिलाएं कौन हैं? लेकिन वह अपनी बेटी के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ती रहेंगी।
सड़क के बीच 15 मिनट तक मारपीट
राहगीरों द्वारा बनाई गई वीडियो से पता चला कि सीपी ऑफिस के बाहर सड़क पर दुष्कर्म पीड़िता किशोरी और उसकी मां पर आरोपित महिलाओं ने करीब 15 मिनट तक ईंट-पत्थर फेंके। इसके बाद मारपीट की। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपित महिलाओं ने पहले पीड़िता के परिवार पर पत्थर फेंके।
यह भी पढ़ें- Pathankot News: पठानकोट की बेटी ने लहराया परचम, सेना में लेफ्टिनेंट बनकर मां-बाप का रोशन किया नाम
इसके बाद उसकी मां को एक महिला ने घसीट कर पीटना शुरू कर दिया। फिर उसने धक्का दे दिया। जब मीडिया और राहगीर वीडियो बनाने लगे तो हमला करने वाली महिलाएं वहां से भागने लगीं। ट्रैफिक जाम होने की वजह से वह भी फंस गईं और लोगों ने उन्हें पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया।
ये है पूरा मामला
किशोरी के साथ करीब एक महीना पहले सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। उक्त मामले में पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया था। लेकिन पीड़िता की मां का आरोप है कि उसकी बेटी के साथ चार लोगों ने दुष्कर्म किया था, पुलिस ने दो को छोड़ दिया है। उक्त मामले में बाकी के दो आरोपितों पर कार्रवाई करवाने के लिए वह बेटी के साथ पिछले तीन दिन से सीपी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठी है।
यह भी पढ़ें- Punjab News: ठगी का नेटवर्क चलाने वाले भाई-बहन गिरफ्तार, बेड से मिले 1.07 करोड़ रुपये