अजमेर में पति-पत्नी और बेटी ने की आत्महत्या, पानी में घोलकर खाईं सल्फास की गोलियां
राजस्थान के अजमेर में एक परिवार के तीन सदस्यों पति, पत्नी और उनकी 20 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

अजमेर में परिवार के तीन लोगों की आत्महत्या। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के अजमेर जिले में एक परिवार के तीन सदस्यों पति-पत्नी और उनकी 20 साल की बेटी ने जहरीला पदार्थ खाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार को गढ़ी मालियान इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंदिरा शर्मा (52) और बेटी दीक्षा शर्मा (20) के तौर पर हुई है।
पानी में घोलकर खाई सल्फास
पुलिस के मुताबिक, तीनों ने पानी में मिलाकर सल्फास (Celphos) की गोलियां खाईं। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आदर्श नगर के एसएचओ ओम प्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
अभी साफ नहीं मौत की वजह
उन्होंने बताया कि घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव कमरे में मौजूद था। गौरव करीब दो दिन पहले ही जयपुर से अजमेर आया था, जबकि उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। पुलिस ने बताया कि अशोक शर्मा फर्नीचर के व्यापारी थे और मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और उन हालात की जांच कर रही है जिनमें तीनों ने जहरीली चीज खाई। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार पर काफी कर्ज था। साथ ही पुलिस ने बताया कि अशोक शर्मा ने रिश्तेदारों को फोन करके इस कदम (आत्महत्या) के बारे में बताया था।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।पुलिस ने कहा कि जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत से जुड़े हालात साफ हो पाएंगे।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ।)
यह भी पढ़ें: राजस्थान: भीलवाड़ा-कोटा नेशनल हाईवे पर हादसा, कार और बाइक की टक्कर में तीन लोगों की मौत
