विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान: झुंझुनू में बिजली की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत, सड़क बनाते वक्त हादसा

Published: Mon, 02 Nov 2026 01:29 PM (IST)

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बिजली की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत

 बिजली की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत

HighLights

  1. झुंझुनूं में सड़क निर्माण के दौरान करंट लगने से हादसा।

  2. हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत।

  3. मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त कर सहायता के निर्देश दिए।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। उदयपुरवाटी तहसील के छापोली गांव में सोमवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान बजरी मिलाने के काम में आने वाली एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई। हाईटेंशन लाइन के छूते ही पूरी मशीन में करंट दौड़ गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर धरना शुरू कर दिया है। वहीं हादसे के बाद विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी मौके पर पहुंचे हैं।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

सीएम भजनलाल ने जताया दुख

सीएम भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।